Haridwar News: उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। भीषण बारिश के बीच हुई तेज ओलावृष्टि से इलाके में अफरातफरी मच गई। आसमान से बड़े आकार के ओले गिरते देख लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए। अचानक हुई इस घटना के चलते सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओलावृष्टि के कारण कई वाहनों के शीशे टूट गए हैं। इसके अलावा घरों के शीशे टूटने और छतों पर लगे सोलर पैनल को भी नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है।
पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादलों का डेरा
हरिद्वार में मौसम का मिजाज बदलते ही कुछ ही समय में हालात बिगड़ गए। तेज बारिश के साथ गिरे बड़े-बड़े ओलों ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। लोग ओलों की चपेट में आने से बचने के लिए इधर-उधर सुरक्षित ठिकाने तलाशते दिखाई दिए। इस बीच उत्तराखंड के दूसरे हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए रहे और कई जगहों पर रुक-रुककर बारिश हुई। प्रदेश के चारधाम, हेमकुंड साहिब और ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी जानकारी है।
देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 4,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है।
