देश

Bypoll Results 2026: बंगाल से असम तक BJP ने लहराया जीत का परचम, नंदीग्राम से नगांव तक चौंकाया, पीएम मोदी ने दी बधाई

Bypoll Results 2026: देश के कई राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं। पश्चिम बंगाल की हॉट सीट नंदीग्राम और रेजीनगर में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है, जबकि असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार ने भारी मतों से कब्जा जमाया है।

Image

उपचुनाव के परिणाम (फाइल फोटो)

Bypoll Results 2026: देश के अलग-अलग राज्यों में हाल में संपन्न हुए उपचुनावों के नतीजे अब पूरी तरह साफ हो चुके हैं। इन परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण सीटों पर कब्जा जमाया है। खास तौर पर पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की जीत ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। पीएम मोदी ने इस जीत के लिए पश्चिम बंगाल और असम भाजपा नेतृत्व को बधाई दी है।

पीएम ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- "लगातार अपना आशीर्वाद देने के लिए देश की जनता का आभार! असम की नगांव लोकसभा सीट और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि जनता का बीजेपी-NDA के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है। मैं बीजेपी के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं। मैं पुडुचेरी की थट्टानचावाडी सीट पर जीत के लिए अपने मूल्यवान NDA सहयोगी AINRC को भी बधाई देता हूं। जनता का यह जनादेश हमें लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम करने और उनके उज्ज्वल व समृद्ध भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के हमारे प्रयासों को और मजबूती देगा।"

नंदीग्राम सीट पर बीजेपी ने रचा इतिहास

सबसे पहले बात करते हैं पश्चिम बंगाल की, जहां की राजनीति में सबसे चर्चित सीट नंदीग्राम पर बीजेपी ने इतिहास रच दिया है। पीटीआई भाषा के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार हसिरानी रथ ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है। बता दें कि हसिरानी रथ मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं।

मुस्लिम-बहुमत वाली रेजीनगर सीट पर जीती भाजपा

इस जीत ने नंदीग्राम में बीजेपी की पकड़ को और मजबूत कर दिया है। इसके अलावा, बंगाल की ही मुस्लिम-बहुमत वाली रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी बीजेपी उम्मीदवार शंकरवध सरकार ने 75,816 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया है।

असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी भाजपा का परचम लहराया है। बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एआईयूडीएफ (AIUDF) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल को 1,76,391 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया है। असम में बीजेपी की इस बड़ी जीत को पार्टी की मजबूत रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।

पुडुचेरी में NDA सहयोगी को मिली जीत

पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टानचावाडी विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री एन. रंगसामी की पार्टी एआईएनआरसी (AINRC) ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। पार्टी उम्मीदवार अशोक आनंद ने कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम को 8,400 से अधिक मतों के अंतर से हराकर इस सीट को अपने पास ही रखा।

तमिलनाडु में सीएम विजय की पार्टी का दिखा दम

वहीं, तमिलनाडु में मदुरांतकम और धारापुरम उपचुनावों में सत्तारूढ़ 'तमिलगा वेत्री कषगम' (TVK) ने भी शानदार जीत हासिल की है। वहां के मंत्रियों का कहना है कि यह जीत मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सुशासन और जनता के विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इन उपचुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि जनता का रुख किन पार्टियों और नीतियों की तरफ है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article