दुनिया

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आत्घाती हमला, अब तक 14 की मौत, कई घायल; सीएम अफरीदी ने दिए जांच के आदेश

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में एक शांति रैली के दौरान भीषण विस्फोट हुआ। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं।

Image

पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : AP

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार को स्वात जिले के काबल टाउन में आयोजित एक शांति रैली के दौरान हुए भीषण विस्फोट में अब तक 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पीटीआई के मुताबिक स्थानीय अधिकारियों और स्वात पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह धमाका उस समय हुआ जब 'स्वात अमन जिरगा' (स्थानीय जनजातीय परिषद) द्वारा आयोजित शांति मार्च आगे बढ़ रहा था। इलाके में पिछले कुछ महीनों से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और हिंसा के विरोध में यह रैली निकाली गई थी। रैली में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे।

धमाके के बाद चारों तरफ मची अफरा-तफरी

धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह घटना एक आत्मघाती हमला प्रतीत हो रही है, हालांकि अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

राहत और बचाव का काम जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेरकर सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल व्याप्त है।

कबाल पुलिस परिसर में पुलिस थाना, पुलिस लाइन, एक सुविधा केंद्र और कई दूसरे सरकारी कार्यालय हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में घायल 15 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने स्वात जिले के कबाल इलाके में हुए धमाके की कड़ी निंदा की और पुलिस महानिरीक्षक से घटना पर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article