शहर

PM मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाला अलीम अंसारी कौन? रांची में FIR दर्ज

PM Modi Amit Shah CM Yogi Death Threat: झारखंड के रांची जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया वीडियो में जान से मारने की धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में एक व्यक्ति (अलीम अंसारी) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Image

रांची में भाजपा नेता की शिकायत पर कार्रवाई (फाइल फोटो)

Photo : PTI

PM Modi Amit Shah CM Yogi Death Threat: झारखंड की राजधानी रांची से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ देश के शीर्ष नेताओं को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। रांची जिले के नगरी पुलिस थाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगरी मंडल अध्यक्ष रितेश राज महतो की लिखित शिकायत के आधार पर शनिवार को की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नगरी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी अलीम अंसारी के रूप में हुई है।

सोशल मीडिया पर शेयर किया था आपत्तिजनक वीडियो

पीटीआई भाषा के मुताबिक आरोप है कि अलीम अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बेहद भद्दी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही वीडियो में उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने इस तरह का भड़काऊ वीडियो पोस्ट करके क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया है, जो कि संवैधानिक पदों का सीधा अपमान है।

नगरी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की बहुत ही बारीकी से जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article