PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने कई मुद्दों पर चर्चा की। पीएम मोदी और गबार्ड ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और गर्मजोशी से अभिवादन किया। पीएम मोदी ने गबार्ड के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक पद की शपथ लेने के कुछ घंटे बाद मुलाकात की।
PM मोदी ने साझा कीं तस्वीरें
पीएम मोदी ने गबार्ड के साथ मुलाकात की तस्वीरें 'एक्स' पर साझा करते हुए कहा, ''वाशिंगटन में अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। उन्हें उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। भारत-यूएसए मैत्री के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसकी वह हमेशा से प्रबल समर्थक रही हैं।"
ट्रंप के निमंत्रण पर दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर PM मोदी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर पीएम मोदी बुधवार को वाशिंगटन पहुंचे। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और अन्य अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी की यह पहली अमेरिकी यात्रा है।
भारतीय प्रवासियों ने किया भव्य स्वागत
वाशिंगटन में लैंड होने के बाद पीएम मोदी सीधे ब्लेयर हाउस के लिए निकले, जहां पर भारतीय प्रवासियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अमेरिकी जमीं पर 'भारत माता की जय' और 'मोदी-मोदी' के नारे गूंजे। पीएम मोदी ने उनका स्वागत करने के लिए भारतीय प्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''सर्दी के मौसम में गर्मजोशी से स्वागत। ठंड के बावजूद, वाशिंगटन में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही खास तरीके से स्वागत किया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।"
