देश

CJP प्रोटेस्ट की आड़ में साजिश: दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान का प्रोपेगैंडा किया ध्वस्त, 480 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक

CJP Protest: सीजेपी प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े 480 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक किए हैं। पुलिस का दावा है कि इन अकाउंट्स से फर्जी खबरें फैलाई जा रही थीं। लोगों से केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

Image

छात्र आंदोलन के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन

Photo : Times Now Digital

CJP Protest: राजधानी दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के माहौल को बिगड़ने से बचाने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से संचालित हो रहे लगभग 480 सोशल मीडिया खातों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि ये सभी अकाउंट्स एक योजनाबद्ध तरीके से भारत में अफवाहें और भ्रामक खबरें फैलाने में जुटे हुए थे।

इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस ने छात्रों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि लोग बिना जांच-परख के किसी भी भड़काऊ या संदेहास्पद पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर न करें। किसी भी जानकारी की सत्यता जांचने के लिए केवल सरकारी और आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।

पाकिस्तान ने साधी चुप्पी

दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ सीमा पार से डिजिटल स्तर पर प्रोपेगैंडा फैलाया जा रहा था, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस मुद्दे से दूरी बना ली। जब उनसे दिल्ली के प्रदर्शन और मानवाधिकारों से जुड़े सवाल पूछे गए, तो उन्होंने इसे भारत का आंतरिक मामला करार देते हुए कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

क्या है पूरे विवाद की वजह?

दिल्ली में पिछले कुछ हफ्तों से कई प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं को लेकर छात्र सड़कों पर हैं। हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर 'संसद मार्च' का आह्वान किया गया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद माहौल काफी गरमा गया था, जिसके बाद से ही प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया निगरानी को कड़ा करने में लगा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article