Pakistan Drone Attack: पाकिस्तान में इस समय स्थिति खराब है, पाकिस्तान एक तरफ से आर्थिक संकट से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ से टीटीपी और दूसरी ओर से बलूच लिबरेशन आर्मी हमले बोल रही है। इसी बीच खबर है पाकिस्तानी सेना ने अब विद्रोहियों से लड़ने के लिए ड्रोन से हमले करने शुरू कर दिए है, ऐसा ही एक हमला पाक सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में किया है। हालांकि इस हमले में आम नागरिकों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है।
खैबर पख्तूनख्वा में 12 लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सेना के खैबर पख्तूनख्वा में किए गए ड्रोन हमले में 12 लोग मारे गए हैं, साथ ही कई घायल हुए हैं। इन मृतकों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं, जिसके बाद से सेना का यह अटैक सवालों के घेरे में हैं। स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि सेना ने विद्रोहियों के नाम पर आम नागरिकों को निशाना बनाया है। सेना की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान समाने नहीं आया है।
पाकिस्तानी तालिबान के ठिकानों पर हमला
शुक्रवार देर रात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अफ़गानिस्तान की सीमा से लगे इलाके में "पाकिस्तानी तालिबान के ठिकानों" को निशाना बनाकर तीन हमले किए गए। हाल के महीनों में वहां हिंसा भड़की थी। इस हमले में दो महिलाएं और तीन बच्चे भी मारे गए हैं। जिसके बाद से स्थानीय लोग विरोध में उतर गए हैं। विरोध में स्थानीय निवासियों ने मृतकोंके शवों को सड़क पर रख दिया और न्याय की मांग करने लगे।
टीटीपी ने किया है नए हमलों का ऐलान
बता दें कि इस साल पाकिस्तानी तालिबान - जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के नाम से जाना जाता है - ने सुरक्षा बलों के खिलाफ हाल ही में एक नए अटैक अभियान का ऐलान किया है। तब से टीटीपी ने खैबर पख्तूनख्वा में लगभग 100 हमलों की जिम्मेदारी ली है। दर्जनों पाक सैनिक मारे गए हैं।
