Pakistan Airstrike On Afghanistan: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई शहरों पर एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब तालिबान सरकार ने दावा किया है कि अफगान बलों ने पहले पाकिस्तान के दर्जनों सैन्य चौकियों को तबाह कर दिया है। इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगान तालिबान के खिलाफ 'ओपन वॉर' घोषित कर दिया है।
आसिफ ने X पर लिखा, "हमारे सब्र की सीमा पार हो गई है। अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध छिड़ गया है।" यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब शत्रुता इतनी तीव्र हो गई है कि इस्लामाबाद और काबुल के बीच संबंध हाल के वर्षों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान की सेना ने अफगान सरकार के मिलिट्री ठिकानों पर भी बमबारी की है। हमलों में काबुल के दो ब्रिगेड हेडक्वार्टर तबाह हो गए। वहीं, कंधार में एक कॉर्प हेडक्वार्टर और एक ब्रिगेड हेडक्वार्टर को नुकसान पहुंचा है।
बता दें कि यह ऑपरेशन अफगान तालिबान द्वारा पाकिस्तान की सीमा पर हमलों के जवाब में शुरू किया गया है, जिसमें तालिबान ने दावा किया था कि 55 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई चौकियां कब्जा कर ली गईं। पाकिस्तान ने इसे "अनप्रोवोक्ड एग्रेशन" करार दिया है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
इस एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा, "पाकिस्तान अमन और इलाके की एकता से कोई समझौता नहीं करेगा। हमारी सेना का जवाब पूरी तरह और मजबूती से है। जो लोग हमारे अमन को कमजोरी समझेंगे, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा और कोई भी पहुंच से बाहर नहीं होगा।”
डरपोक पाकिस्तान ने हम पर किए हमले: तालिबान
वहीं, पाकिस्तान के हवाई हमलों को अफगानिस्तान ने कायराना हरकत करार दिया है। तालिबान सरकार के नेता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “डरपोक पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में एयरस्ट्राइक की हैं. अच्छी बात यह है कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।" बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान में हुए आतंकी हमलों के लिए अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से कनेक्शन रखने वाले टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान) जैसे आतंकी संगठन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
अफगान सेना ने गिराए पाकिस्तान के फाइटर जेट
दोनों तरफ से हो रही जबरदस्त गोलीबारी के बीच सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अफगान सैनिकों ने पाकिस्तानी फाइटर जेट को गिराया है। अफगानिस्तान की TOLO न्यूज में दावा किया जा रहा है कि एफ-16 या जेएफ-17 को गिराया गया है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि अफगान सैनिकों की ओर से कौन सा पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट गिराया गया है।पाकिस्तान के 55 सैनिक ढेर: अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जिनमें से कुछ के शव अफगानिस्तान ले जाए गए हैं, जबकि "कई अन्य को जिंदा पकड़ा गया है।" मंत्रालय ने अपने हताहतों की संख्या आठ बताई, जिनमें से 11 मारे गए और 11 घायल हुए। मंत्रालय ने कहा कि उसने पाकिस्तानी सेना की 19 चौकियों और दो ठिकानों को नष्ट कर दिया है, और लड़ाई आधी रात को समाप्त हो गई, जो हमले की शुरुआत के लगभग चार घंटे बाद हुई।
हालांकि, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि मारे गए पाकिस्तानी सैनिकों की संख्या दो है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि 36 अफगान लड़ाके मारे गए हैं। X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अफगानिस्तान की ओर से की गई अकारण गोलीबारी का "मजबूत और प्रभावी जवाब" दे रहा है।
