दुनिया

होर्मुज में जोरदार धमाके से मचा हड़कंप, बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर; IRGC ने तोड़ी चुप्पी

Hormuz Tension Deepen: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच होर्मुज में जोरदार धमाका हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, होर्मुज से रविवार को एक तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकरा गया जिसकी वजह से जोरदार धमाका हुआ।

Image

होर्मुज में जोरदार धमाका (फाइल फोटो)

Hormuz Tension Deepen: होर्मुज स्ट्रेट में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के बीच होर्मुज स्ट्रेट में रविवार को जोरदार धमाका हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, होर्मुज से रविवार को एक तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकरा गया जिसकी वजह से जोरदार धमाका हुआ।

क्या है पूरा मामला?

ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम (Tasnim) ने होर्मुज में हुए धमाके की जानकारी दी। बकौल एजेंसी, तेल टैंकर ईरानी अधिकारियों द्वारा निर्धारित शिपिंग रूट से बाहर निकलने के बाद बारूदी सुरंग से टकरा गया। एजेंसी ने जहाज की पहचान, उसके कार्गो या गंतव्य के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। हालांकि, यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस हादसे में कोई हताहत हुआ है या नहीं।

यह धमाका ऐसे समय में हुआ जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच महीनों से जारी संघर्ष के बाद होर्मुज में समुद्री यातायात पर भी असर पड़ा है। फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद तेहरान ने इस अहम समुद्री जलमार्ग में आवाजाही को प्रभावी रूप से बंद कर दी।

ट्रंप ने हूती विद्रोहियों को धमकाया

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को चेतावनी दी थी कि अगर जहाजों पर हमले जारी रहे, तो उनके खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अगर वे (हूती) ऐसा दोबारा करते हैं, तो अमेरिका ईरान को जिम्मेदार ठहराएगा, क्योंकि हूती विद्रोही ईरान के छद्म प्रतिनिधि हैं, तथा ईरान और हूतियों को भी बड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना होगा।

ट्रंप ने कहा था कि पिछले साल वाणिज्यिक जहाजों पर हूती विद्रोही हमलों के जवाब में अमेरिकी हमलों का सामना करने के बाद स्थिति में सुधार हुआ था। उन्होंने कहा था कि दुर्भाग्य से, अब वे फिर से हरकतें शुरू कर रहे हैं; कल रात उन्होंने सऊदी अरब के दो जहाजों को निशाना बनाया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article