Black Sea Tension: होर्मुज स्ट्रेट के बाद अब काला सागर पर कामर्शियल जहाजों पर खतरा मंडरा रहा है। इस बीच, विदेश मंत्रालय (MEA) ने काला सागर और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्रों में काम करने वाले या वहां से गुजरने वाले कामर्शियल जहाजों पर तैनात भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
काला सागर में अबतक 5 भारतीयों की मौत
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि संघर्ष के कारण इस क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील और अस्थिर बनी हुई है। एडवाइजरी के मुताबिक, काला सागर और इससे जुड़े समुद्री इलाकों में संचालित या गुजरने वाले कामर्शियल जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों समेत कई गंभीर सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। अप्रैल 2026 से कामर्शियल जहाजों को निशाना बनाकर होने वाली ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। इन घटनाओं में अबतक पांच भारतीय नागरिकों की दुखद मौत भी हो चुकी है।
विदेश मंत्रालय ने उन भारतीय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, जो इस क्षेत्र में संचालित जहाजों पर रोजगार की तलाश कर रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि पहले संभावित सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करें। साथ ही, विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था, इंश्योरेंस, इमरजेंसी प्रक्रियाओं और नौकरी की शर्तों को वेरिफाई करने की हिदायद दी।
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से नियमित रूप से अपने परिवार के संपर्क में रहने, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और भारतीय अधिकारियों की ओर से जारी एडवाइजरी पर नजर बनाए रखने को भी कहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: काला सागर में वाणिज्यिक जहाज पर हमला, भारतीय नाविक की हुई मौत; MEA ने की हमले की निंदा
कामर्शियल जहाज पर हमला
हाल ही में काला सागर में एमवी ओमोर्फी नामक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हुई थी। इस जहाज में चालक दल के 10 सदस्य थे, जिसमें तीन भारतीय नागरिक थे। एमवी ओमोर्फी पर 18 जुलाई को उस वक्त हमला हुआ था जब वह काला सागर से गुजर रहा था। विदेश मंत्रालय ने कामर्शियल जहाज पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा भी की।
