Zohran Mamdani opposes Maduros Capture: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की मिलिट्री कार्रवाई और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने की निंदा की है। उन्होंने एक संप्रभु देश पर एकतरफा हमले को 'युद्ध का काम' बताया है। ममदानी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ सीधी बातचीत में इस कार्रवाई का विरोध किया और लैटिन अमेरिकी देश में वाशिंगटन के दखल की आलोचना की।
अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
भारतीय मूल के मेयर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'एक संप्रभु देश पर एकतरफा हमला युद्ध का काम है और यह संघीय और अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।' बता दें कि शनिवार को वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर अमेरिका के बड़े हमले के दौरान मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, दोनों पर न्यूयॉर्क में आपराधिक आरोप तय होंगे। जहां अब मादुरो को सत्ता से हटा दिया गया है।
ममदानी ने आगे जवाब देते हुए कहा, 'सत्ता बदलने की यह खुली कोशिश सिर्फ विदेशों में रहने वालों को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि यह सीधे तौर पर न्यूयॉर्क के लोगों पर भी असर डालती है, जिसमें हजारों वेनेज़ुएला के लोग भी शामिल हैं जो इस शहर को अपना घर कहते हैं। मेरा ध्यान उनकी सुरक्षा और हर न्यूयॉर्कवासी की सुरक्षा पर है, और मेरा प्रशासन स्थिति पर नजर रखता रहेगा और जरूरी गाइडेंस जारी करेगा।'
वहीं, ट्रंप ने कहा कि इस टेकओवर के तहत, बड़ी अमेरिकी तेल कंपनियां वेनेजुएला में जाएंगी, जहां दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है। कंपनियां वहां बुरी तरह खराब हो चुके तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करेंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रक्रिया में कई साल लग सकते हैं।
मादुरो के अलावा उनकी पत्नी, उनके बेटे और तीन अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिका ने उन पर 'अमेरिकी लोगों की जिंदगी बर्बाद करने के मकसद से बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी करने का आरोप लगाया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति पर चार आरोप हैं: नार्को-टेररिज्म की साजिश, कोकीन इम्पोर्ट की साजिश, मशीन गन और खतरनाक डिवाइस रखने, और मशीन गन और खतरनाक डिवाइस रखने की साजिश।
उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति होंगी
वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाने का आदेश दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को तुरंत राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ अंतरिम तौर पर कार्यभार संभालने के लिए कहा है।
