दुनिया

दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर बनकर तैयार, इससे बड़ा सिर्फ अंकोरवाट मंदिर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 26, 2023, 12:56 PM IST

टाइम्स स्क्वायर से 90 मीटर दक्षिण में स्थित 183 एकड़ में बने इस मंदिर के निर्माण में लगभग 12 साल लगे। जानिए इसकी खासियतें

Image

सबसे बड़ा हिंदू मंदिर

Photo : PTI

Largest Hindu Temple: भारत के बाहर विदेश में सबसे बड़ा मंदिर बनकर तैयार है। अमेरिका में सबसे बड़े हिंदू मंदिर बीएपीएस स्वामीनारायण अक्षरधाम का औपचारिक उद्घाटन 8 अक्टूबर को न्यू जर्सी में होने जा रहा है। टाइम्स स्क्वायर से 90 मीटर दक्षिण में स्थित 183 एकड़ में बने इस मंदिर के निर्माण में लगभग 12 साल लगे। इसके निर्माण में पूरे अमेरिका से 12,500 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

अंकोरवाट के बाद सबसे बड़ा मंदिर

न्यू जर्सी के रॉबिंसविले टाउनशिप में स्थित यह मंदिर संभवतः दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मंदिर है, जिससे बड़ा सिर्फ कंबोडिया का अंगकोरवाट ही आगे है, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है। यह 500 एकड़ में फैला है। जबकि दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर 100 एकड़ में फैला हुआ है।

10,000 से अधिक मूर्तियां

अमेरिका में स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर को प्राचीन भारतीय संस्कृति के अनुसार सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है। इसमें 10,000 से अधिक मूर्तियां और जटिल नक्काशी का काम किया गया है जो भारतीय संगीत वाद्ययंत्रों और नृत्य रूपों को दर्शाती है। मुख्य मंदिर के अलावा, मंदिर में 12 उप-मंदिर, नौ शिखर और नौ पिरामिडनुमा शिखर हैं। यहां पारंपरिक पत्थर वास्तुकला में सबसे बड़ा अण्डाकार गुंबद है।

दुनियाभर से मंगाए पत्थर

इस भव्य मंदिर के निर्माण के लिए चूना पत्थर, ग्रेनाइट, गुलाबी बलुआ पत्थर और संगमरमर सहित लगभग दो मिलियन क्यूबिक फीट पत्थर इस्तेमाल हुआ है । ये पत्थर भारत, तुर्की, ग्रीस, इटली और चीन सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों से मंगवाए गए। मंदिर की एक खास विशेषता एक पारंपरिक भारतीय बावड़ी है जिसे 'ब्रह्म कुंड' के नाम से जाना जाता है, जिसमें दुनिया भर के 300 से अधिक जल निकायों का पानी शामिल है। यह अद्भुत मंदिर 18 अक्टूबर को मेहमानों और भक्तों के लिए अपने दरवाजे खोलने के लिए तैयार है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article