शहर

Barabanki Accident: मसौली में डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत, 4 की दर्दनाक मौत; 6 साल की मासूम गंभीर

Barabanki Accident: बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में ऑल्टो कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Image

barabanki accident

Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव के पास एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग कार के भीतर ही बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि 6 साल की एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

तीन ने मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर तेज धमाके जैसी आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। हालांकि, तब तक कार सवार 60 वर्षीय शरीफ, 34 वर्षीय शाजिया खातून और 50 वर्षीय तबस्सुम बानो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ये तीनों मृतक श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बाजार दक्षिणी के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक लगभग 34 वर्षीय अज्ञात महिला को तुरंत सीएचसी (CHC) बड़ागांव मसौली पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में बाल-बाल बची लगभग 6 साल की मासूम बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया है।

डंपर को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article