दुनिया

कनाडा में वॉलमार्ट के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, भारतीय मूल के दो लोगों की मौत; जांच में जुटी पुलिस

Canada Firing: कनाडा के सरे शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी में भारतीय मूल के दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप हुई।

Image

कनाडा में वॉलमार्ट के बाहर अंधाधुंध फायरिंग (प्रतीकात्मक फोटो)

Canada Firing: कनाडा के सरे (Surrey) शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी में भारतीय मूल के दो लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस गोलीबारी को सोची-समझी यानी 'टारगेटेड' वारदात करार दिया, जिसके तार संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

कब हुई गोलीबारी की घटना

समाचार एजेंसी पीटीआई ने सीबीसी न्यूज के हवाले से बताया कि इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में की। यह घटना 15 नवंबर की रात वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई थी। अंधाधुंध गोलीबारी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा।

फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक सरे के पड़ोसी शहर डेल्टा (Delta) के निवासी थे। रिपोर्ट के मुताबिक, गगनप्रीत रेहल का नाम हथियारों से जुड़े अपराधों के मामले में पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज था, जबकि सुखजीत कौर के कनाडा में बेहद सीमित संपर्क थे।

गाड़ी में आग लगने की मिली थी सूचना

जांच टीम के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10:51 बजे घटनास्थल के पास ही एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस का मानना है कि यह जली हुई गाड़ी संदिग्ध हमलावरों की ही थी और इसका सीधा संबंध इस गोलीबारी से है।

आईएचआईटी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला संगठित अपराध से जुड़ी सोची समझी गोलीबारी का प्रतीत होता है। पुलिसकर्मी ने बताया कि इस गोलीबारी ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है, जिन्होंने समय से पहले ही अपनों को खो दिया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article