दुनिया

'अमेरिका के किसी भी तरह के हस्तक्षेप से छिड़ जाएगा पूर्ण युद्ध', ईरानी अधिकारी ने चेताया; ट्रंप के तेवर भी सख्त

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू में ईरान पर इजराइल के हमलों से खुद को दूर रखा था लेकिन बाद में उन्होंने अमेरिका की अधिक भागीदारी का संकेत देते हुए कहा कि वह संघर्ष विराम से कहीं अधिक बड़ा कुछ चाहते हैं।

Image

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिका को चेताया

Photo : AP

Iran Warns USA: ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार को चेतावनी दी कि उनके देश को निशाना बनाकर किए जा रहे इजरायली हमलों में अमेरिकी हस्तक्षेप से पूर्ण युद्ध छिड़ जाएगा। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने अल जजीरा इंग्लिश समाचार चैनल पर प्रसारित एक साक्षात्कार के दौरान ये टिप्पणियां कीं। इस साक्षात्कार का सीधा प्रसारण किया गया। यह ईरान एवं इजराइल के मौजूदा संघर्ष के बीच उनका पहला साक्षात्कार है। बाघई ने कहा कि अमेरिका का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप इस क्षेत्र में पूर्ण युद्ध का कारण होगा।

ट्रंप ने कर दिया हमले का इशारा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू में ईरान पर इजराइल के हमलों से खुद को दूर रखा था लेकिन बाद में उन्होंने अमेरिका की अधिक भागीदारी का संकेत देते हुए कहा कि वह संघर्ष विराम से कहीं अधिक बड़ा कुछ चाहते हैं। अमेरिका ने इस क्षेत्र में और अधिक युद्धक विमान भी भेजे हैं। वहीं, हजारों इजरायली विदेश में फंसे हुए हैं। इस संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में विमानों की आवाजाही को बाधित कर दिया है।

ईरान की जवाबी कार्रवाई में आई कमी

वहीं, ईरानी की कम होती जवाबी कार्रवाई के बीच इजरायल का ईरान पर हमला लगातार जारी है। इजरायली लड़ाकू विमानों ने रात भर और बुधवार को ईरान की राजधानी पर बमबारी की, जिसमें यूरेनियम सेंट्रीफ्यूज बनाने वाली एक सुविधा और मिसाइल कंपोनेंट बनाने वाली एक जगह को निशाना बनाया गया। इजरायली सेना ने कहा कि इसने रात भर में 10 मिसाइलों को रोका। ईरान की जवाबी बमबारी कम हो गई है। इस बीच ईरान ने चेतावनी दी कि संघर्ष में किसी भी अमेरिकी हस्तक्षेप से क्षेत्र में पूर्ण युद्ध का खतरा होगा।

ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना मकसद

इजरायल का कहना है कि उसने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए हमले किए हैं, जबकि कूटनीतिक समाधान पर अमेरिका और ईरान के बीच दो महीनों में बातचीत में कोई खास प्रगति नहीं हुई है। ट्रंप ने कहा है कि इजरायल का अभियान, बातचीत लिए उनके द्वारा निर्धारित 60-दिन की समयसीमा के बाद शुरू हुआ है। ईरान ने लंबे समय से जोर देकर कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है, हालांकि यह एकमात्र गैर-परमाणु-सशस्त्र देश है जो 60 प्रतिशत तक यूरेनियम को समृद्ध करता है, और 90 प्रतिशत के हथियार-ग्रेड स्तर से बस कदम भर दूर है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने कहा है कि उन्हें विश्वास नहीं है कि ईरान सक्रिय रूप से बम बनाने की कोशिश कर रहा था।

ईरान में 239 नागरिकों सहित करीब 585 लोग मारे गए

वाशिंगटन स्थित एक ईरानी मानवाधिकार समूह ने कहा कि ईरान में 239 नागरिकों सहित कम से कम 585 लोग मारे गए हैं और 1,300 से अधिक घायल हुए हैं। ईरान की राजधानी तेहरान में दुकानें बंद कर दी गई हैं, जिसमें इसका प्रसिद्ध ग्रैंड बाजार भी शामिल है। लोग गैस लाइनों में इंतजार कर रहे हैं और हमले से बचने के लिए शहर से बाहर जाने वाली सड़कों पर जमा हो रहे हैं। ईरान ने जवाबी हमले में करीब 400 मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे हैं, जिससे इजराइल में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कुछ मिसाइलों ने मध्य इजराइल में अपार्टमेंट की इमारतों को निशाना बनाया है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। हवाई हमले के सायरन की वजह से इजरायली लोग बार-बार शरण लेने को मजबूर हुए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article