दुनिया

खालिस्तानी मुद्दे पर अपनों ने ही कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो को घेरा, बता दिया राजनीतिक रूप से 'मूर्ख व्यक्ति'

कनाडा में हाल के दिनों में हिंदुओं के खिलाफ हमले बढ़े हैं। खालिस्तानी आतंकियों के सपोर्ट करने का आरोप कनाडा की सरकार पर लग रहा है। एक दिन पहले ही एक हिंदु मंदिर पर हमला हुआ है।

Image

अपनो ने ही कनाडाई पीएम को घेरा (फोटो- @ujjaldosanjh & AP)

कनाडा के एक पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को “सामाजिक और राजनीतिक रूप से मूर्ख व्यक्ति” करार दिया। उन्होंने कहा कि ट्रूडो कभी समझ ही नहीं पाए कि ज्यादातर सिख धर्मनिरपेक्ष हैं और वे खालिस्तान से कोई सरोकार नहीं रखना चाहते। पूर्व प्रधानमंत्री पॉल मार्टिन की सरकार में संघीय कैबिनेट मंत्री रह चुके उज्जल दोसांझ (78) ने कनाडाई अखबार ‘नेशनल पोस्ट’ के लिए रविवार को लिखे एक लेख में कहा कि ट्रूडो के रुख ने खालिस्तानी चरमपंथियों को मजबूत किया है और उदारवादी सिखों के बीच डर का माहौल बनाया है।

'सिख धर्मनिरपेक्ष'

दोसांझ ने ट्रूडो पर आरोप लगाया कि वह कनाडा में विशाल सिख आबादी के लिए जिम्मेदार हैं, जो दुनिया में सबसे बड़ा सिख प्रवासी समुदाय है, और “खालिस्तानी इसका इस हद तक फायदा उठा रहे हैं कि यह अलगाववादी आंदोलन अब एक कनाडाई समस्या बन गया है। ज्यादातर सिख खालिस्तान से कोई सरोकार नहीं रखना चाहते हैं। वे सिर्फ इसलिए कुछ नहीं बोलते, क्योंकि उन्हें हिंसा और हिंसक नतीजों का डर है। हकीकत में कभी समझ ही नहीं पाए कि ज्यादातर सिख धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण रखते हैं, इस तथ्य के बावजूद कि वे मंदिर जाते हैं।”

'कई मंदिरों पर खालिस्तानियों का कब्जा'

उन्होंने कहा कि खालिस्तानी बहुसंख्यक नहीं हैं और तथ्य यह है कि डर के कारण कोई भी उनके खिलाफ नहीं बोलता। दोसांझ ने दावा किया कि कनाडा में कई मंदिरों पर खालिस्तान समर्थकों का नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि यह ट्रूडो की गलतियों का नतीजा है कि आज कनाडा के लोग खालिस्तानियों और सिख को एक मानते हैं, मानो कि अगर हम सिख हैं, तो हम सब खालिस्तानी हैं। दोसांझ ने दावा किया कि कनाडा में रह रहे आठ लाख सिखों में से ज्यादातर खालिस्तान आंदोलन का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से पांच फीसदी से भी कम इसके समर्थन में हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article