पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) पर प्रतिबंध को 23 अगस्त तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान ने इस बाबत शनिवार को नोटम यानी नोटिस टू एयरमेन जारी कर इसकी जानकारी दी। बता दें कि अभी तक यह नोटन 24 जुलाई तक के लिए लागू था, लेकिन अब पाकिस्तान ने इसकी समयावधि खत्म होने से पहले ही इसे एक माह के लिए और बढ़ा दिया है।
किन विमानों पर लागू होगा प्रतिबंध?
जारी NOTAM के अनुसार, यह प्रतिबंध भारतीय पंजीकरण वाले विमानों, भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमानों और सैन्य उड़ानों पर लागू रहेगा। यह आदेश पाकिस्तान के दोनों फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन (FIR) कराची और लाहौर में प्रभावी रहेगा। पाकिस्तान ने पिछले कई महीनों से हर महीने इस प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई है और ताजा आदेश के बाद यह अब 23 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा।पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
बता दें कि अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कूटनीतिक और सुरक्षा संबंधी कदम उठाए थे। इसके जवाब में दोनों देशों ने एक-दूसरे की एयरलाइंस के लिए एयरस्पेस बंद कर दिया। गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी।
भारत भी लागू किए हुए है प्रतिबंध
भारत ने भी पाकिस्तान में पंजीकृत विमानों, पाकिस्तानी एयरलाइंस और सैन्य विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर समान प्रतिबंध लागू कर रखा है। दोनों देशों के बीच यह पारस्परिक प्रतिबंध अब तक जारी है।
यात्रियों और एयरलाइंस पर असर
लगातार बढ़ाए जा रहे एयरस्पेस प्रतिबंध का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ रहा है। भारतीय एयरलाइंस को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे उड़ानों का समय बढ़ रहा है और परिचालन लागत में भी इजाफा हो रहा है। इसका असर यात्रियों पर भी यात्रा समय और किराए के रूप में देखने को मिल सकता है।
