दुनिया

बातचीत की मेज पर लौटेंगे अमेरिका-ईरान? तेहरान ने अंतरिम समझौते को किया निलंबित; US पर लगाए गंभीर आरोप

US-Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य हमलों के बीच तेहरान ने अमेरिका पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। साथ ही, तेहरान ने अंतरिम समझौते के तहत अपने कमिटमेंट को निलंबित करने का ऐलान किया।

Image

ईरान और अमेरिका के बीच गहराया तनाव (फोटो साभार: AI)

US-Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव इन दिनों अपने चरम पर है। इस बीच, तेहरान ने बड़ा फैसला लेते हुए अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते के तहत अपने कमिटमेंट को निलंबित करने का ऐलान किया। दोनों देशों के बीच शनिवार को भी सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हमले जारी रहे, जिससे तनाव और गहरा गया।

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन से बातचीत में कहा कि अमेरिका ने लगभग एक महीने पहले हुए अंतरिम समझौते का उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वॉशिंगटन अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करने में विफल रहा, इसलिए तेहरान भी अब इस समझौते के तहत अपने दायित्वों को लागू नहीं करेगा।

यह बयान ऐसे मौके पर आया जब कतर और पाकिस्तान दोनों देशों से वापस बातचीत की मेज पर लौटने की अपील कर रहे थे। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ईरान को बातचीत को लेकर धमका चुके हैं।

ईरान के खिलाफ US के हमले जारी

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि उसने लगातार सातवीं रात ईरान के खिलाफ अभियान में उसकी सैन्य ताकत को कमजोर करने के उद्देश्य से हमले किए। शनिवार तड़के जारी बयान में कहा गया कि इन हमलों में निगरानी केंद्रों, सैन्य साजोसामान, भूमिगत हथियार भंडार और समुद्री सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया गया।

शनिवार को सबसे अधिक नुकसान कुवैत में हुआ, जहां ईरान ने समुद्री जल को मीठा बनाने के एक संयंत्र और एक तेल प्रतिष्ठान पर हमला किया। कुवैत के अधिकारियों और कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने इसकी पुष्टि की, हालांकि दोनों ने इन प्रतिष्ठानों के स्थान का खुलासा नहीं किया।

इस बीच, रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट को लेकर संघर्ष और गहरा गया। वैश्विक कच्चे तेल के कारोबार के लिए महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग पर बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article