दुनिया

पश्चिम एशिया में गहराया तनाव, जॉर्डन में ईरानी हमलों से दो अमेरिकी सैनिकों की मौत; एक अन्य लापता

US Iran Conflict: जॉर्डन में ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक जवान लापता है। हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया।

Image

ईरानी हमलों में दो अमेरिकी नागरिकों की मौत (फोटो साभार: AI)

US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। इस बीच, जॉर्डन में एक बेस पर ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सैनिक लापता बताया जा रहा है।

ड्यूटी पर वापस लौटे घायल सैनिक

बकौल अमेरिकी सेंट्रल कमांड, ईरानी हमले में चार अमेरिकी सैनिक घायल भी हुए, जिन्हें जॉर्डन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, सैनिकों को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया, जबकि मामूली रूप से घायल अन्य सैन्यकर्मी फिर से ड्यूटी पर लौट आए हैं।

अमेरिकी सैनिकों की शुक्रवार को उस वक्त मौत हुई जब अमेरिका और उनकी सहयोगी सेनाएं ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों से खुद का बचाव कर रही थीं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, मृतक सैनिकों की पहचान नहीं हो पाई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचना दिए जाने तक नाम सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे।

होर्मुज को लेकर संघर्ष गहराया

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर संघर्ष तेज होने के बीच अमेरिका और ईरान ने शनिवार को एक-दूसरे के बुनियादी ढांचे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए।

यह क्षेत्र पिछले कई दिनों से लगातार हमलों का सामना कर रहा है। यह संघर्ष अब तेजी से होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर केंद्रित होता जा रहा है। यह रणनीतिक जलमार्ग कभी दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से के कच्चे तेल के परिवहन का प्रमुख मार्ग था।

अंतरिम युद्धविराम के टूट जाने के बाद अमेरिका और इजरायल द्वारा चार महीने से अधिक समय पहले शुरू किए गए इस युद्ध के समाप्त होने की फिलहाल कोई स्पष्ट संभावना नजर नहीं आ रही है।

अमेरिका ने बरपाया कहर

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि उसने लगातार सातवीं रात ईरान के खिलाफ अभियान में उसकी सैन्य ताकत को कमजोर करने के मकसद से हमले किए। शनिवार तड़के जारी बयान में कहा गया कि इन हमलों में निगरानी केंद्रों, सैन्य साजोसामान, भूमिगत हथियार भंडार और समुद्री सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया गया।

कुवैत के तेल प्रतिष्ठान पर हमला

शनिवार को सबसे अधिक नुकसान कुवैत में हुआ, जहां ईरान ने समुद्री जल को मीठा बनाने के एक संयंत्र और एक तेल प्रतिष्ठान पर हमला किया। कुवैत के अधिकारियों और कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने इसकी पुष्टि की, हालांकि दोनों ने इन प्रतिष्ठानों के स्थान का खुलासा नहीं किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article