शहर

Video: 'अंकल, दिखवाइए नहीं... इसे करवा दीजिए', जब 13 साल के अमिताभ की बेबाक अपील सुन डीएम साहब भी हैरान

लखीमपुर खीरी के संपूर्ण समाधान दिवस में 13 वर्षीय छात्र अमिताभ अपनी पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर अकेले ही जिलाधिकारी के सामने पहुंच गया। अपनी बेबाक बातों और आत्मविश्वास से उसने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और फरियादियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में 13 वर्षीय छात्र अमिताभ अपने परिवार की ओर से अकेले ही जिलाधिकारी के सामने पहुंचा और अपने पुश्तैनी घर पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उसकी बेबाकी, आत्मविश्वास और स्पष्ट अंदाज ने सभी को प्रभावित किया।

कक्षा आठ का छात्र है अमिताभ

शहर के ईदगाह मोहल्ले का रहने वाला अमिताभ कक्षा आठ का छात्र है। वह किसी बड़े सदस्य के बिना खुद अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के बीच पहुंचा। उसने जिलाधिकारी को बताया कि उसके परिवार का पुश्तैनी मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उसकी मरम्मत नहीं करा पाया। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ लोग मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और उसे नुकसान पहुंचाने की मंशा रखते हैं।

दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग

अमिताभ ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। उसकी बातों में न केवल अपने घर को बचाने की चिंता झलक रही थी, बल्कि न्याय मिलने की उम्मीद भी साफ दिखाई दे रही थी। शिकायत सुनने के दौरान जिलाधिकारी और छात्र के बीच हुई बातचीत ने भी वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

"अंकल, दिखवाइए नहीं... इसे करवा दीजिए"

बातचीत के दौरान डीएम ने गलती से अमिताभ को कक्षा सात का छात्र समझ लिया। इस पर बच्चे ने तुरंत मुस्कुराते हुए उन्हें विनम्रता से सुधारते हुए कहा कि वह कक्षा आठ में पढ़ता है। इसके बाद जब जिलाधिकारी ने कहा कि मामले को दिखवाया जाएगा, तो अमिताभ ने बड़ी सहजता और आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया, "अंकल, दिखवाइए नहीं... इसे करवा दीजिए।" बच्चे की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे।

पूरे मामले की जांच करने के निर्देश

अमिताभ की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने छात्र की हिम्मत और जागरूकता की सराहना करते हुए उसे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने की सलाह भी दी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article