शहर

हरिद्वार में युवक के साथ हैवानियत, पहले बेरहमी से पीटा फिर गले में पहनाया कुत्ते का पट्टा; 10-12 अज्ञात पर केस दर्ज

Uttarakhand Crime: उत्तराखंड के हरिद्वार में कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। यहां एक युवती से मिलने पहुंचे उनके दोस्त शादाब नाम के युवक पर 10-12 अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।

Image

हरिद्वार में हैवानियत

Photo : Times Now Digital

Uttarakhand Crime: धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवती से मिलने पहुंचे उसके दोस्त के साथ कुछ लोगों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उसके गले में कुत्ते का पट्टा तक पहना दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह पूरी घटना कनखल थाना क्षेत्र (Haridwar Crime) के अंतर्गत आने वाली गणपति धाम कॉलोनी (फेज-3) की है। पुलिस को दी गई शिकायत में कॉलोनी की ही रहने वाली एक युवती ने बताया कि शादाब नाम के युवक से उसकी पिछले चार-पांच साल से गहरी दोस्ती है। शनिवार को शादाब उससे मुलाकात करने के लिए उसके घर आया हुआ था। दोनों घर पर बातचीत कर रहे थे कि अचानक 10 से 12 अज्ञात लोग जबरन घर के भीतर घुस आए।

युवक को जान से मारने की धमकी

घर में घुसते ही इन लोगों ने शादाब को घेर लिया और बिना कुछ सोचे-समझे उस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को बुरी तरह प्रताड़ित किया और उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे अपमानित किया। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस कर रही है हमलावरों की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ और अर्धबेहोशी की हालत में मिले शादाब को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की तहरीर के आधार पर 10-12 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article