दुनिया

कनाडा में हिंदू मंदिर पर हुई हिंसा तो भड़का भारत, विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा कर कह दी बड़ी बात

कनाडा में एक कार्यक्रम के दौरान एक हिंदू मंदिर पर हमला किया गया है। यह हमला खालिस्तानियों के द्वारा किया गया है, जिसके बाद से कनाडा सरकार सवालों के घेरे में है।

Image

कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमला (फोटो- वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमला
  • भारत ने दी सख्त प्रतिक्रिया
  • कानूनी कार्रवाई के लिए कनाडा सरकार को कहा

कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर हुए हमले को लेकर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया जाहिर की है। घटना की निंदा करते हुए विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है, जिसमें कनाडा सरकार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। इस घटना को लेकर भारत में रोष देखा जा रहा है और कनाडा सरकार की जमकर आलोचना की जा रही है।

हिंसा पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

कनाडा के ब्रैम्पटन में हुई हिंसा के बारे में मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- "हम कल ब्रैम्पटन, ओंटारियो में हिंदू सभा मंदिर में चरमपंथियों और अलगाववादियों द्वारा की गई हिंसा की निंदा करते हैं। हम कनाडा सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं कि सभी पूजा स्थलों को ऐसे हमलों से बचाया जाए। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि हिंसा में लिप्त लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा। हम कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित हैं। भारतीयों और कनाडाई नागरिकों को समान रूप से सेवाएं प्रदान करने के लिए हमारे वाणिज्य दूतावास अधिकारियों की पहुंच को धमकी, उत्पीड़न और हिंसा से नहीं रोका जाएगा।"

भारतीय उच्चायोग ने भी जाहिर की कड़ी प्रतिक्रिया

ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने भी सोमवार को एक कड़ा बयान जारी कर हिंदू सभा मंदिर पर ‘‘भारत विरोधी’’ तत्वों द्वारा हाल में किए गए हमले की निंदा की। उच्चायोग ने कहा- ‘‘हमने टोरंटो के पास ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के साथ मिलकर आयोजित किए गए वाणिज्य दूतावास के एक शिविर के बाहर आज (तीन नवंबर को) हिंसक व्यवधान देखा जिसे भारत विरोधी तत्वों ने अंजाम दिया था। हम भारतीय नागरिकों सहित उन आवेदकों की सुरक्षा के लिए भी बहुत चिंतित हैं, जिनकी मांग पर इस तरह के आयोजन किए जाते हैं।

ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन भी हिंदुओं के साथ

ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने रविवार दोपहर को ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर कहा कि इस घटना के दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हिंदू सभा के बाहर हिंसा की घटनाओं के बारे में सुनकर मुझे निराशा हुई है। धार्मिक स्वतंत्रता कनाडा का आधारभूत मूल्य है। हर किसी को अपने पूजा स्थल पर सुरक्षित महसूस होना चाहिए।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article