Donald Trump Congratulates PM Modi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा करते हुए मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने नरेंद्र मोदी को मजबूत, स्वस्थ और समझदार इंसान बताया। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य के लिए कामना भी की।
ट्रंप ने क्या लिखा
डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर अपनी पोस्ट में लिखा कि "मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई। वे एक महान प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने आगे लिखा, 'वह एक मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान व्यक्ति हैं, और उनके सामने महानता और सफलता के कई वर्ष होंगे।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी के 'महा-रिकॉर्ड' पर जॉर्जिया मेलोनी का आया दिल जीतने वाला संदेश; याद की रोम की मुलाकात
पीएम मोदी ने हासिल की है ऐतिहासिक उपलब्धि
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब प्रधानमंत्री मोदी ने नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब पीएम मोदी सबसे ज्यादा समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री हो गए हैं। नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को भाजपा की भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री का पद संभाला था। 2019 में उन्हें और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। मोदी का लगातार तीसरा कार्यकाल नौ जून 2024 को शुरू हुआ। इस अभूतपूर्व कूटनीतिक और राजनीतिक उपलब्धि पर दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और वैश्विक नेताओं की तरफ से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं।
इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा खास संदेश
इससे पहले, पीएम मोदी की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी। मेलोनी ने लिखा, 'नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।'
गौरतलब है कि ट्रंप और मोदी के बीच पहले भी कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से अच्छे संबंध देखने को मिले हैं। दोनों नेताओं ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया था।
