देश

पीएम मोदी के 'महा-रिकॉर्ड' पर जॉर्जिया मेलोनी का आया दिल जीतने वाला संदेश; याद की रोम की मुलाकात

Giorgia Meloni Congratulates PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बने। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने दी बधाई।

Image

पीएम मोदी के 'महा-रिकॉर्ड' पर जॉर्जिया मेलोनी का आया दिल जीतने वाला संदेश; याद की रोम की मुलाकात

Narendra Modi Longest Serving Elected PM: भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बुधवार (10 जून) का दिन एक बड़े स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के शीर्ष पद पर लगातार 12 साल का सफल कार्यकाल पूरा करते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले 'निर्वाचित' प्रधानमंत्री बनने का ऐतिहासिक गौरव हासिल कर लिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इस पद पर अपने लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के लोकतांत्रिक रूप से 'चुने जाने के बाद' लगातार सर्वाधिक दिनों तक पद पर बने रहने के रिकॉर्ड (4,398 दिन) को पीछे छोड़ दिया है। इस अभूतपूर्व कूटनीतिक और राजनीतिक उपलब्धि पर दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और वैश्विक नेताओं की तरफ से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं।

इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा खास संदेश

पीएम मोदी की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी। मेलोनी ने लिखा, 'नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।'

इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में पीएम मोदी की रोम यात्रा को याद करते हुए दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों पर खुशी जताई। मेलोनी ने आगे लिखा, 'हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और एक साथ मिलकर एक 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' की शुरुआत करना बेहद सुखद रहा। यह साझेदारी हमारे देशों और लोगों के लिए नए अवसरों को पैदा करने वाले भविष्य की ओर देखती है।'

यूरोपीय संघ (EU) ने भी माना 'विजनरी कूटनीति' का लोहा

मेलोनी के अलावा यूरोपीय परिषद के प्रमुख एंटोनियो कोस्टा (Antonio Costa) ने भी पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक पड़ाव पर बधाई दी। कोस्टा ने इस साल की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन को याद करते हुए कहा कि पीएम मोदी के 'विजनरी नेतृत्व' (दूरदर्शी नेतृत्व) के तहत आज भारत और यूरोपीय संघ के संबंध इतिहास में सबसे मजबूत स्थिति में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैं भारत के साथ निरंतर सहयोग, साझेदारी और हमारी इस गहरी दोस्ती को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह उत्सुक हूं।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article