Imran Khan: पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश के शीर्ष न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखकर अपने और पत्नी बुशरा बीबी के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग की है। इमरान खान ने चेतावनी दी है कि उनकी बिगड़ती सेहत उन्हें ऐसी स्थिति में पहुंचा सकती है, जहां से वह जिंदा वापस नहीं लौट पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में उन्हें लंबे समय से एकांत कारावास में रखा गया है और पर्याप्त चिकित्सा सुविधा भी नहीं मिल रही है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट
कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखा। इसमें उन्होंने अपने इलाज और जेल की परिस्थितियों को लेकर पहले दिए गए अदालती आदेशों को लागू कराने की मांग की है।
इमरान खान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह पत्र साझा किया। उन्होंने पिछले सप्ताह अदियाला जेल में इमरान खान से मुलाकात की थी। इमरान खान अगस्त 2023 से अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं, जबकि उनकी पत्नी बुशरा बीबी को जनवरी 2025 में भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
'ऐसी स्थिति में पहुंच रहा हूं, जहां से जिंदा नहीं लौट पाऊंगा'
इमरान खान ने अपने पत्र में अपनी उम्र और बिगड़ती सेहत का जिक्र करते हुए गंभीर चिंता जताई। उन्होंने लिखा, "74 साल की उम्र में यह लगातार जारी स्थिति मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट पाऊं।"
उन्होंने दावा किया कि लंबे समय तक एकांत कारावास में रहने और चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी सेहत बिगड़ गई है। इमरान के मुताबिक, उनका ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का खतरा होने की चेतावनी दी है। उन्होंने अदालत से पहले दिए गए चिकित्सा संबंधी आदेशों को लागू कराने की अपील की है।
पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी जताई चिंता
इमरान खान ने अपने पत्र में पत्नी बुशरा बीबी की स्वास्थ्य स्थिति का भी जिक्र किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुशरा की आंखों की रोशनी लगातार कमजोर हो रही है और उन्हें आगे भी आंखों की सर्जरी की जरूरत है।
पत्र के मुताबिक, बुशरा बीबी को अप्रैल में रेटिनल डिटैचमेंट की समस्या हुई थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी कराई गई थी। इमरान खान का आरोप है कि सर्जरी के बाद उन्हें दोबारा एकांत कारावास में भेज दिया गया और उनके डॉक्टरों तथा मेडिकल रिकॉर्ड तक पहुंच से वंचित कर दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी किया जिक्र
इमरान खान ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का हवाला दिया। उनके मुताबिक, अदालत ने अधिकारियों को उन्हें इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने, उनकी जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने और परिवार से बातचीत की अनुमति देने का निर्देश दिया था। हालांकि, इमरान खान का आरोप है कि इन आदेशों को अब तक लागू नहीं किया गया और इस दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति और खराब हो गई।
उन्होंने पत्र में लिखा, "मैं आपके माननीय न्यायाधीशों से कोई एहसान नहीं मांग रहा हूं। न्याय के तौर पर मेरी सिर्फ इतनी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और हमारी स्वास्थ्य समस्याओं का उचित इलाज कराया जाए।"
दिन में 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखने का आरोप
इमरान खान ने जेल में अपने साथ हो रहे व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें दिन में 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखा जाता है। परिवार के सदस्यों, वकीलों, किताबों और टेलीविजन तक उनकी पहुंच सीमित कर दी गई है। उन्हें अपने वकीलों से भी बहुत कम मुलाकात करने दी जाती है।
उन्होंने बताया कि जेल के मेडिकल बोर्ड ने उनकी चिंता और बेचैनी को दर्ज किया था। बोर्ड ने पत्नी और परिवार के साथ अधिक बार संपर्क करने, पढ़ने के लिए सामग्री और टेलीविजन उपलब्ध कराने की सिफारिश भी की थी।
इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 मामले में 17-17 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। यह मामला साल 2021 में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की ओर से आधिकारिक यात्रा के दौरान इमरान खान को दिए गए महंगे बुल्गारी ज्वेलरी सेट की खरीद से जुड़ा है।
