दुनिया

शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की अटकलों के बीच समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, गृह नगर गोपालगंज में अवामी लीग के लोग हुए एक्टिव

Bangladesh News: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने की खबरों के बीच उनके गृह नगर गोपालगंज में अवामी लीग समर्थकों ने हिंसक प्रदर्शन किया है।

Image

शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की अटकलों के बीच समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, गृह नगर गोपालगंज में अवामी लीग के लोग हुए एक्टिव

Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी के समर्थकों ने रविवार को उनके गृह नगर गोपालगंज में हिंसक प्रदर्शन किया और इस दौरान पुलिस के वाहनों और प्रतिष्ठानों पर हमले किये गए। दिसंबर में हसीना की स्वदेश लौटने की योजना को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच ये प्रदर्शन हुए।

मीडिया की खबरों के अनुसार, हसीना की पार्टी के सैकड़ों समर्थक सड़कों पर उतरे और उनके पास चाकू और भाले थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के एक बख्तरबंद वाहन में आग लगा दी और एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की।

'छात्र आंदोलन के कारण हसीना की सरकार गिर गई'

ये प्रदर्शन भारत से हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर नए सिरे से बढ़े तनाव के बीच हुए हैं। बता दें कि हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश से चले जाने बाद से भारत में रह रही हैं। उस समय छात्र आंदोलन के कारण हसीना की सरकार गिर गई थी।

बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हसीना सरकार की कार्रवाई को मानवता के खिलाफ अपराध मानते हुए उनकी (हसीना) अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों और इस सुनवाई की प्रक्रिया को खारिज किया है।

इस बीच प्रदर्शनकारियों ने रविवार को पांच अगस्त 2024 को हसीना सरकार के पतन के उपलक्ष्य में बनाए गए एक स्मारक को गिरा दिया और पुलिस के अवरोधक तोड़कर गोपालगंज शहर की कई सड़कों पर प्रवेश कर गए। बता दें कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं।

अवामी लीग के गोपालगंज जिला नेता इलियास हक ने पार्टी की एक रैली में कहा है कि, 'सड़कों पर हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक हम पूर्व प्रधानमंत्री और बंगबंधु (बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान) की बेटी शेख हसीना को देश वापस लाने में सफल नहीं हो जाते।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article