Australian Woman News: ऑस्ट्रेलिया में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चलने के मात्र 17 घंटे बाद ही 20 साल की एक महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मिरर डॉट को डॉट इन की रिपोर्ट के मुताबिक इस महिला का नाम चैरलोट समर्स है। समर्स ने अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चलने और फिर बच्चे को जन्म देने के बारे में अपने अनुभव साझा किए हैं। किसी महिला को यदि उसकी प्रेग्नेंसी के बारे में यदि पता नहीं चलता तो इसे 'क्रिप्टिक प्रेग्नेंसी' कहा जाता है। यह लाखों-करोड़ों महिलाओं में से किसी एक को होता है।
'मैं अभी भी साइज 8 के कपड़े खरीद रही थी'
रिपोर्ट के मुताबिक इस ऑस्ट्रेलियाई महिला ने अपने एक TikTok वीडियो में बताया, 'मैं अभी भी साइज 8 के कपड़े खरीद रही थी। मुझे लगा मैंने थोड़ा वजन बढ़ा लिया है, शायद थोड़ा पेट निकल आया था। लेकिन मैं ढाई साल के रिश्ते में थी, और मैंने मान लिया था कि यह ‘खुशहाल रिलेशनशिप वेट’ है। उस समय मैं अपने जीवन में बहुत सारी तनावपूर्ण स्थितियों से भी गुजर रही थी।'
पता चला कि 38 हफ्ते और 4 दिन की गर्भवती हैं
6 जून को ग्लूटेन सेंसिटिविटी की जांच के लिए जब मिस समर्स अपने जनरल प्रैक्टिशनर के पास गईं, तो उन्हें अचानक प्रेग्नेंसी टेस्ट करवाने को कहा गया। GP ने प्रेग्नेंसी की पुष्टि की, लेकिन सोचा कि यह शुरुआत का ही चरण है। हालांकि, जब उनके बॉयफ्रेंड के परिवार ने उसी दिन एक अल्ट्रासाउंड करवाया, तो उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि वे 38 हफ्ते और 4 दिन की गर्भवती हैं —यह खबर सभी को चौंका देने वाली थी।
एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया
उन्होंने कहा, 'यह जानकर मैं लगभग सदमें में चली गई। मैंने अपना सामान उठाया, अपने पार्टनर को फोन किया और कहा, 'हमें अभी निकलना होगा।'अल्ट्रासाउंड के दौरान, उन्हें और उनके पार्टनर को एक और चौंकाने वाली खबर मिली —उनके प्लेसेंटा में एक समस्या थी, जिससे प्रसव प्रेरित करना पड़ सकता था। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें मैटरनिटी वार्ड में भर्ती कर लिया गया और गर्भावस्था की पुष्टि के महज 17 घंटे और 21 मिनट बाद उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया।
यह एक बेहद अजीब अनुभव था-मिस समर्स
उन्होंने कहा, 'मैं घुटनों के बल बैठकर उल्टियां कर रही थी क्योंकि मुझे लग रहा था कि ‘ये सब अभी कैसे हो रहा है?’ मुझे सही से समझ भी नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। मैं इसे और किसी तरह नहीं समझा सकती। यह एक बेहद अजीब अनुभव था।' मिस समर्स इस छुपी हुई गर्भावस्था का कारण अपने प्लेसेंटा की स्थिति को मानती हैं, जो गर्भाशय के आगे की ओर था और शायद इसी कारण आमतौर पर महसूस होने वाले लक्षण छुप गए। वजन बढ़ने के अलावा उन्हें कोई खास शारीरिक बदलाव नहीं दिखा। उल्लेखनीय है कि वह गर्भावस्था के दौरान लगातार बर्थ कंट्रोल का इस्तेमाल करती रहीं और उन्हें हर महीने मासिक धर्म जैसा अनुभव होता रहा।
