हेल्थ

कैसे पता चलेगा कि आपका दिल स्वस्थ है? हार्ट अटैक से पहले दिख सकते हैं ये संकेत, भूलकर भी न करें नजरअंदाज

दिल की बीमारी हमेशा अचानक सामने नहीं आती। कुछ लोगों में सीने में असहजता, सांस फूलना, असामान्य थकान जैसे संकेत पहले दिखाई दे सकते हैं। हालांकि हर हार्ट अटैक से पहले चेतावनी मिले, यह जरूरी नहीं है।

Image

Heart Attack Symptoms, हार्ट अटैक के लक्षण

World Heart Day 2026, हार्ट अटैक के लक्षण क्या हैं: दिल स्वस्थ है या नहीं, इसका अंदाजा केवल इस बात से नहीं लगाया जा सकता कि रोजमर्रा में कोई परेशानी महसूस नहीं हो रही। कई बार शरीर छोटे-छोटे संकेत देता है, लेकिन हम उन्हें थकान, गैस या ज्यादा काम का असर समझकर टाल देते हैं। यही वजह है कि दिल की सेहत को लेकर जागरूक रहना जरूरी है। हार्ट अटैक तब होता है जब दिल तक खून पहुंचाने वाली ब्लड वेसल्स में खून का प्रवाह रुक जाता है। इसके लक्षण हर व्यक्ति में एक जैसे नहीं होते। कुछ लोगों को सीने में दबाव या दर्द महसूस हो सकता है, तो किसी को सांस फूलना, पसीना, मितली या असामान्य थकान हो सकती है।

    हालांकि ये समझन जरूरी है कि, ऐसा कोई तय नियम नहीं है कि हार्ट अटैक से ठीक एक महीने पहले हर व्यक्ति में कुछ खास संकेत जरूर दिखाई देंगे। कुछ हार्ट अटैक बिना स्पष्ट चेतावनी के भी हो सकते हैं। ऐसे में हर किसी को हमेशा ही अपने दिल की सेहत का ख्याल रखना चाहिए और थोड़ी सी भी दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करन चाहिए।

    कैसे पता चलेगा कि आपका दिल स्वस्थ है?

    दिल की सेहत समझने के लिए केवल लक्षणों का इंतजार करना सही तरीका नहीं है। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड शुगर, वजन, धूम्रपान की आदत और परिवार में हृदय रोग का इतिहास जैसे कारक भी दिल के जोखिम को प्रभावित करते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, हृदय संबंधी जोखिम समय के साथ विकसित हो सकता है और नियमित स्वास्थ्य जांच से इसे समझने में मदद मिल सकती है।

    1. सीने में दबाव या असहजता

    सीने के बीच में दबाव, भारीपन, जकड़न या दर्द को हमेशा मामूली समझकर नहीं छोड़ना चाहिए। खासतौर पर अगर यह कुछ मिनट तक बना रहे, दोबारा आए या इसके साथ सांस फूलने जैसी परेशानी हो। हार्ट अटैक में असहजता हाथ, पीठ, गर्दन, जबड़े या पेट तक भी महसूस हो सकती है।

    2. बिना वजह सांस फूलना

    सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा चलने पर पहले के मुकाबले ज्यादा सांस फूलने लगे तो इस बदलाव पर ध्यान दें। सांस फूलना हार्ट अटैक के दौरान सीने में परेशानी के साथ या उसके बिना भी हो सकता है। हालांकि इसके पीछे फेफड़ों या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।

    3. अचानक या असामान्य थकान

    बिना किसी स्पष्ट वजह के ऐसी थकान महसूस होना जो सामान्य आराम के बाद भी ठीक न लगे, नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, असामान्य थकान कुछ लोगों में, खासकर महिलाओं में, हार्ट अटैक से जुड़े कम पहचाने जाने वाले लक्षणों में शामिल हो सकती है।

    गैस समझकर न टालें ये संकेत

    हार्ट अटैक में परेशानी कभी-कभी अपच या सीने में जलन जैसी भी लग सकती है। मितली, ठंडा पसीना, चक्कर या शरीर के ऊपरी हिस्से में दर्द भी साथ दिखाई दे सकता है। इसलिए बार-बार होने वाले या नए लक्षणों को केवल गैस मान लेना ठीक नहीं है।

    डॉक्टर को कब दिखाएं

    अगर सीने में दबाव या दर्द बना हुआ है, दर्द हाथ, पीठ, गर्दन या जबड़े तक फैल रहा है, सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही है, ठंडा पसीना आ रहा है या चक्कर के साथ हालत बिगड़ रही है, तो इंतजार न करें। ऐसे लक्षणों में तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है। दिल की सेहत को केवल किसी एक लक्षण से तय नहीं किया जा सकता। नियमित जांच, संतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, धूम्रपान से दूरी और रक्तचाप-कोलेस्ट्रॉल जैसे जोखिम कारकों पर नजर रखना लंबे समय में मदद कर सकता है।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article