देश

पाकिस्तान में SCO राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक, द्विपक्षीय तनाव के बीच भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा

यह बैठक इस्लामाबाद में 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव आलोक डिमरी कर रहे हैं।

Image

पाकिस्तान में हो रही एससीओ बैठक में भारत ले रहा हिस्सा

SCO Meeting in Pakistan: संघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच बहुपक्षीय जुड़ाव जारी रखते हुए, भारतीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित SCO राष्ट्रीय समन्वयकों (National Coordinators) की तीन दिवसीय बैठक (28 से 30 सितंबर 2026) में भाग ले रहा है। दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक तनाव के बावजूद भारत SCO के बहुपक्षीय मंचों और प्रोटोकॉल के तहत इस बैठक में शामिल हुआ है।

यह बैठक इस्लामाबाद में 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव आलोक डिमरी कर रहे हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. एम. फैसल इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इसमें SCO के अन्य सदस्य देशों के राष्ट्रीय समन्वयक और SCO सचिवालय के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। पाकिस्तान ने 1 सितंबर 2026 को किर्गिस्तान से SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट की वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्षता संभाली थी। इस कार्यकाल के तहत इस्लामाबाद में आयोजित यह पहली बड़ी आधिकारिक बैठक है।

मुख्य एजेंडा और पाकिस्तान का थीम

पाकिस्तान की वर्ष 2026-27 की अध्यक्षता का आधिकारिक विषय "विजन को एक्शन में बदलना: कनेक्टिविटी, इनोवेशन और साझा समृद्धि" रखा गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य अगस्त 2027 में पाकिस्तान में प्रस्तावित SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट शिखर सम्मेलन की रूपरेखा और कैलेंडर तय करना है। इसके अंतर्गत आगामी मंत्रिस्तरीय बैठकों, विशेषज्ञ कार्य समूहों और रणनीतिक प्राथमिकताओं पर चर्चा की जा रही है।

भारत का क्षेत्रीय अखंडता पर जोर

एससीओ (SCO) चार्टर के नियमों के अनुसार सदस्य देश अपने द्विपक्षीय विवादों को इस क्षेत्रीय मंच पर नहीं लाते हैं। भारत SCO के ढांचे (विशेषकर 'क्षेत्रीय आतंकवाद-रोधी संरचना' या SCO-RATS) के तहत आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद के खिलाफ एकजुट होकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग दोहरा रहा है। फिलहाल पाकिस्तान SCO-RATS की अध्यक्षता कर रहा है।

संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता

भारत ने स्पष्ट किया है कि SCO के तहत कनेक्टिविटी परियोजनाओं को बढ़ावा देते समय सभी सदस्य देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना अनिवार्य है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हो रही है। इसके बावजूद भारत नियमित रूप से SCO की गतिविधियों में भाग लेता रहा है।

भारत ने कब-कब की शिरकत

अक्टूबर 2024: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस्लामाबाद में आयोजित 'SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट' (CHG) की बैठक में हिस्सा लिया था। जुलाई 2026: भारतीय अधिकारियों के एक दल ने इस्लामाबाद में सीमा सेवाओं के प्रमुखों की 12वीं SCO बैठक में भी भाग लिया था। पाकिस्तान ने संकेत दिए हैं कि वह अगस्त 2027 में होने वाले राष्ट्राध्यक्षों के मुख्य शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी सदस्य देशों के नेताओं को औपचारिक निमंत्रण भेजेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article