Ahmedabad Plane Crash: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लंदन आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद हादसे की जांच के लिए एक टीम भारत भेजी है। स्टॉर्मर ने कहा कि जांच जारी है, हमने एक जांच टीम भेजी है; उसे तैनात कर दिया गया है। ब्रिटेन की हवाई दुर्घटना जांच शाखा (AAIB) ने विमान दुर्घटना की जांच के लिए सहायता की औपचारिक पेशकश की।
कीर स्टार्मर ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के विदेश मंत्री (डेविड लैमी) इस पर काम कर रहे हैं और हम जल्द से जल्द ताजा जानकारी देंगे। हम तथ्यों का पता लगाने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं। मैं सभी प्रभावित लोगों के परिजनों, दोस्तों से कहूंगा कि कृपया आगे की जानकारी के लिए विदेश कार्यालय से संपर्क करें।
कीर स्टार्मर ने जताया दुख
कीर स्टार्मर ने 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश में कहा, ''आज का दिन देशभर में फैले कई ब्रिटिश और भारतीय परिवारों के लिए हृदय विदारक है। मैं इस भयानक विमान दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।''
अब तक कितने लोगों ने गंवाई जान?
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के यात्री विमान हादसे में अब तक 265 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने संवाददाताओं से कहा कि हमें प्राप्त संदेश के अनुसार 265 शव शहर सिविल अस्पताल पहुंचाए जा चुके हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में चार एमबीबीएस छात्र और एक चिकित्सक की पत्नी शामिल है।
