हरारे: टीम इंडिया के युवा आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में इतिहास रच दिया। जीत के लिए 126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे टीम इंडिया के लिए पारी का आगाज करने उतरे वैभव ने अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा बैटर
वैभव ने छक्के के साथ अपना खाता खोला और 18 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक है। वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सबसे कम उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ये उपलब्धि 15 साल 118 दिन की उम्र में हासिल की। हालांकि वो अपनी पारी को ज्यादा बड़ा नहीं कर सके और अर्धशतक पूरा करने के बाद नागरवा की गेंद पर बेन कुरेन के हाथों लपके गए। वो 19 गेंद में 50 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 154.2 किमी वाले तूफानी गेंदबाज का हुआ डेब्यू, जानिए कौन हैं किसान के बेटे अशोक शर्मा
खत्म हुई बल्ले की खामोशी
वैभव ने उसी मैदान पर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक जड़ा जहां उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में 175 रन की आतिशी मैच जिताऊ पारी खेली थी। आईपीएल 2026 में बल्ले से धमाल मचाने के बाद भारतीय टीम में एंट्री करने वाले वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में डेब्यू किया था। वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले तीन मैच में 14,13 और 15 रन की पारी खेली थी। करियर का पहला अर्धशतक जड़ने से पहले वो 3 मैच की 3 पारी में 14 के औसत और 168 के स्ट्राइक रेट से 42 रन बना सके थे। इस दौरान उन्होंने एक चौका और 5 छक्के जड़े थे। वैभव ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक के साथ बल्ले की खामोशी खत्म कर दी है।
