Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से एयर इंडिया के यात्री विमान से एक शख्स लंदन जाने वाला था, लेकिन यात्रा से चार दिन पहले उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया और अब हादसे की खबर सुनने के बाद भगवान का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे।
बाल-बाल बची जान!
सावजीभाई टिंबाडिया भगवान का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे, क्योंकि उन्होंने एयर इंडिया की AI-171 यात्री विमान से लंदन जाने का अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया और इस फैसले ने उनकी जान बचा ली। टिंबाडिया ने एक टेलीविजन चैनल से कहा, ''मैं अपने जीवन के लिए स्वामीनारायण का ऋणी हूं और मुझे बचाने के लिए सभी देवी-देवताओं का धन्यवाद करता हूं।''
टिकट कराई थी बुक
उन्होंने कहा कि लंदन में रहने वाले मेरे बेटे ने पहले ही इस उड़ान की बुकिंग करा ली थी। मुझे भी एक सीट नंबर आवंटित किया गया था, लेकिन मैंने अपनी यात्रा चार दिन के लिए टाल दी। उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं पता था कि यह फैसला मेरी जान बचा लेगा। दुर्घटना के बाद, मेरे बेटे ने मुझे लंदन से फोन किया और बताया कि इस जीवन में मेरे अच्छे कर्मों ने मुझे बचा लिया।''
सनद रहे कि एयर इंडिया का लंदन जा रहा विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और केबिन क्रू के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।
अब तक कितने लोगों ने गंवाई जान?
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के यात्री विमान हादसे में अब तक 265 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने संवाददाताओं से कहा कि हमें प्राप्त संदेश के अनुसार 265 शव शहर सिविल अस्पताल पहुंचाए जा चुके हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में चार एमबीबीएस छात्र और एक चिकित्सक की पत्नी शामिल है।
