देहरादून : उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्नपत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न साझा कर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों के साथ कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।
ऐसे खुली पोल
विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के बाद साझा किए गए प्रश्नों का वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलान कराया, जिसमें काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति की जांच में भी यह पुष्टि हुई कि आरोपी ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढे़ं - VIDEO: 'जंतर-मंतर आने से डर रही सरकार...', CJP ने बातचीत के लिए 'नड्डा आवास' जाने से किया इनकार; बताई अपनी शर्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए। गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40) मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
