Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक कर भारी तबाही मचाई। साथ ही अफगानिस्तान ने साफ कर दिया कि पाकिस्तान के किसी भी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने शुक्रवार को दावा किया कि अफगान एयर फोर्स ने इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद में पाकिस्तानी मिलिट्री ठिकानों पर जबरदस्त एयरस्ट्राइक कर उसका तगड़ा नुकसान पहुंचाया है।
अफगान की जद में इस्लामाबाद
हमदुल्ला फितरत ने एक पोस्ट में कहा, ''मिनिस्ट्री ऑफ नेशनल डिफेंस की एयर फोर्स ने शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे पाकिस्तान के इस्लामाबाद में फैजाबाद शहर के पास एक मिलिट्री कैंप, नौशेरा में एक आर्मी कैंटोनमेंट, जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद पर एयरस्ट्राइक की।"
इस बीच, पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगानिस्तान के मिली करारी चोट की बात स्वीकार की। सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि गुरुवार रात से अब तक कम से कम 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि एक सैनिक लापता है और 27 घायल हो गए। साथ ही पाकिस्तानी सेना ने 274 अफगानियों को मारने का दावा भी किया।
अफगान ने दो पाकिस्तानी बेस पर भी किया कब्जा
इससे पहले दिन में, अफगान मिनिस्ट्री ऑफ नेशनल डिफेंस ने कहा कि देश की सेना ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर जवाबी हमले किए, जिसमें 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 19 पोस्ट के साथ दो बेस पर कब्जा कर लिया गया। बॉर्डर इलाके में बढ़ते तनाव के बीच ये जवाबी हमले हुए हैं।
अफगान मिनिस्ट्री के मुताबिक, ये हमले गुरुवार रात को अफगान इलाके में पाकिस्तान के हमलों के जवाब में हुए, जिसमें औरतें और बच्चे मारे गए थे। अफगान सेनाओं के जवाबी ऑपरेशन में डूरंड लाइन के पार, पूरब और दक्षिण-पूर्व दिशाओं में पाकिस्तानी मिलिट्री फोर्स की चौकियों को निशाना बनाया गया।
चौकियां छोड़कर भागे पाकिस्तानी सैनिक
मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान के दौरान, अफगान सेनाओं ने दो पाकिस्तानी सैन्य बेस और 19 चौकियों को तबाह कर दिया, जिससे सैनिकों को चार और चौकियों से भागना पड़ा। उसने आगे कहा कि चार घंटे की लड़ाई के दौरान, 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, कई जिंदा पकड़े गए, और कुछ भागने में कामयाब रहे।
