Viral News: आजकल शादी-ब्याह का मतलब सिर्फ दो दिलों का मिलना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर रील बनाना, महंगी गाड़ियों की नुमाइश और लाखों रुपये का दिखावा बन चुका है। लोग अपनी जेब से ज्यादा सिर्फ इसलिए खर्च कर देते हैं ताकि लोग कहें कि 'शादी तो बहुत धूमधाम हुई थी।' लेकिन, क्या कभी आपने सुना है कि शादी में न तो दूल्हा महंगी गाड़ियों में आया, न वीडियोग्राफर ने 'पोज-पोज' चिल्लाया और न ही कोई एंकरिंग करने वाला था, फिर भी मेहमान खुशी-खुशी नाचते हुए घर गए? सुनकर भले ही आपको अजीब लग रहा होगा या यकीन करना मुश्किल हो रहा होगा। लेकिन, यह सच है। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
अनोखी शादी
ये तो हम सब जानते हैं कि अक्सर लोग शादी में वीडियोग्राफी, डेकोरेशन और गाड़ियों में भारी-भरकम बजट फंसा देते हैं और खाने की क्वालिटी से समझौता कर बैठते हैं। लेकिन इस कपल ने उल्टा किया, दिखावे की इन चार चीजों पर लगने वाले लाखों रुपये बचाकर कपल ने करीब 70 हजार युआन यानी लगभग 9 लाख रुपये सिर्फ मेहमानों के लिए प्रीमियम और स्वादिष्ट खाने की दावत पर खर्च कर दिए। निंगबो शहर में आयोजित इस दावत में आने वाले हर एक रिश्तेदार और दोस्त के सामने जब 5-स्टार लेवल का खाना परोसा गया, तो लोग उंगलियां चाटते रह गए। इतना ही नहीं, कपल ने परंपरा के नाम पर मेहमानों से मिले लिफाफों के बदले उन्हें खुद भारी-भरकम नकद उपहार थमा दिए। मेहमानों का कहना था कि उन्होंने जीवन में ऐसी शादी कभी नहीं देखी, जहां बिना किसी दिखावे के हर कोई दिल से खुश था और किसी का भी समय बर्बाद नहीं हुआ। इधर, इस शादी की कहानी जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आईं, युवा पीढ़ी ने कपल के इस फैसले की दिल खोलकर तारीफ की। जेन-जी और मिलिनियल्स का कहना है कि शादी खुद की खुशी के लिए होनी चाहिए, न कि दूसरों को दिखाने या कर्ज में डूबने के लिए।
