Bhopal Drug Seizure: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने एक बार फिर नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। DRI ने दिल्ली से आए एक युवक को दबोचकर उसके पास से करीब 7.32 करोड़ रुपये की कीमत की मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की है। महज 6 दिनों के भीतर भोपाल ISBT पर ड्रग्स की यह दूसरी सबसे बड़ी जब्ती की गई है।
सलवार सूट की पैकिंग में छिपाए थे ड्रग्स
DRI के मुताबिक, पकड़ा गया युवक दिल्ली से बस के जरिए भोपाल पहुंचा था। पिछले छह दिनों में ISBT पर ड्रग्स की यह दूसरी बड़ी जब्ती है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी एनएच-46 यानी दिल्ली-नागपुर मार्ग से होकर बेंगलुरु जाने वाली बस से भोपाल ISBT पर उतरा था। उसके पास दो ट्रॉली बैग थे। DRI की टीम ने शक के आधार पर बैगों की तलाशी ली तो उसके अंदर से 11 पैकेट मिले। इन पैकेटों को सलवार सूट की पैकिंग में छिपाकर रखा गया था, ताकि तलाशी के दौरान उन पर आसानी से शक न हो। जांच में पैकेटों से 9.139 किलो क्रिस्टलीय मेथाम्फेटामाइन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 7.32 करोड़ रुपये बताई गई है।
14 अक्टूबर को भी पकड़ी गई थी ड्रग्स की खेप
भोपाल ISBT पर DRI की यह हालिया कार्रवाई छह दिनों के भीतर दूसरी बड़ी ड्रग्स की खेप की जब्ती है। इससे पहले 14 अक्टूबर को एजेंसी ने इसी बस टर्मिनल पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक महिला को भी पकड़ा था। उसके पास से करीब 2.08 करोड़ रुपये कीमत की एम्फेटामीन बरामद हुई थी। दोनों कार्रवाइयों के बाद भोपाल ISBT से मादक पदार्थों की आवाजाही को लेकर जांच तेज हो गई है। हालांकि, इन दोनों मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी जांच की जा रही है।
