वायरल न्यूज़

मातम में बदली दशहरा की खुशियां, शोरूम से निकलते ही बेकाबू हुई नई कार , बाइक को रौंदने का वीडियो वायरल

Viral Video: कर्नाटक के सागर में मारुति शोरूम के पास दशहरा के मौके पर डिलीवरी ली जा रही एक नई कार अचानक बेकाबू हो गई। अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार और पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

बेकाबू कार ने बाइक को रौंदा

Viral Video: त्योहारों का सीजन हर घर में खुशियां और उत्साह लेकर आता है। लोग इस दौरान नई चीजें, खासकर गाड़ियां खरीदना बेहद शुभ मानते हैं। लेकिन, कर्नाटक के सागर शहर से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। दशहरा के पावन अवसर पर नई कार की डिलीवरी लेना एक परिवार और शोरूम के लिए उस वक्त डरावने सपने में बदल गया, जब एक नई नवेली कार अचानक बेकाबू होकर सड़क पर 'काल' बनकर दौड़ पड़ी। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

    यह पूरी दुर्घटना एक मारुति शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे सड़क पर आम दिनों की तरह आवाजाही चल रही थी। तभी अचानक शोरूम के पास से एक नई कार अनियंत्रित होती है और तेज रफ्तार में सड़क पर जा रहे एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लेती है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे। इस भयानक सड़क हादसे में बाइक चला रहे शख्स और पीछे बैठे व्यक्ति को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग सहम गए और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए दौड़े। आनन-फानन में दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है। देखें शॉकिंग वीडियो...

    खतरनाक नजारा

    इधर, घटना की सूचना मिलते ही सागर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर का नियंत्रण अचानक वाहन से छूट गया था या फिर गियर-ब्रेक का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। यह घटना एक बार फिर से इस बात की याद दिलाती है कि शोरूम से नई गाड़ियों की डिलीवरी के वक्त या भीड़भाड़ वाले इलाकों में कितनी अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है। एक छोटी सी चूक या लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article