वायरल न्यूज़

महिला की नाक में एक महीने से रह रहा था कीड़ा, डॉक्टरों ने जिंदा निकाला, अस्पताल में खुला डरावना राज

डेनिएला लिवरानी जब दक्षिण-पूर्व एशिया घूमने गई थीं, जहां से लौटने के बाद उनकी नाक से लगातार खून आने लगा। पहले उन्होंने इसे मामूली समझा, लेकिन बाद में नाक से कुछ निकलता महसूस हुआ। अस्पताल जाने पर डॉक्टरों ने उनकी नाक से एक जोंक निकाली, जो करीब एक महीने से अंदर रहकर उनके खून पर पल रही थी। समय पर इलाज होने से वह सुरक्षित रहीं।

Image

महिला की नाक में एक महीने से रह रहा था कीड़ा (फोटो: एआई)

सोशल मीडिया पर वायरल डेनिएला लिवरानी नाम की एक युवती की कहानी सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। वह साल 2014 में दक्षिण-पूर्व एशिया के देश वियतनाम में बैकपैकिंग ट्रिप पर गई थीं। यात्रा के दौरान अचानक उनकी नाक से बार-बार खून आने लगा। उस वक्त डेनिएला की उम्र करीब 24 साल थी। उन्होंने उस समय सोचा कि शायद कोई नस फट गई होगी, इसलिए उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। यात्रा से लौटने के बाद हालात अजीब होने लगे। डेनिएला ने महसूस किया कि उनकी दाहिनी नाक से कुछ बाहर आने की कोशिश कर रहा है। उन्हें लगा कि यह सिर्फ जमा हुआ खून है। कई बार उन्होंने उसे साफ करने की कोशिश की, लेकिन वह फिर अंदर चला जाता था।

डॉक्टरों ने इलाज के बाद नाक से निकाला जोंक

नहाते समय तो वह उनके होंठ तक आ जाता था। मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन उन्होंने शीशे में ध्यान से देखा तो उस चीज पर लकीरें दिखीं। तभी उन्हें समझ आया कि यह कोई जीव है। घबराकर उन्होंने अपनी दोस्त के साथ हेल्पलाइन पर फोन किया और तुरंत अस्पताल जाने को कहा गया। एडिनबर्ग के रॉयल इन्फर्मरी में डॉक्टरों ने उनकी नाक की जांच की। औजारों से नाक खोलकर काफी देर कोशिश की गई। डेनिएला को खिंचाव और दर्द महसूस हो रहा था। करीब आधे घंटे बाद डॉक्टरों ने जो निकाला, उसे देखकर सभी हक्के-बक्के रह गए। उनकी नाक में एक जोंक (Leech) थी, जो लगभग एक महीने से वहीं रह रही थी।

समय पर अस्पताल न जातीं तो हो सकता था ज्यादा नुकसान

डेनिएला ने बताया कि वह जोंक उनकी उंगली जितनी लंबी और मोटी थी। वह उनके खून पर पल रही थी और धीरे-धीरे बड़ी हो गई थी। डॉक्टरों ने बताया कि अगर वह समय पर अस्पताल न जातीं तो वह ज्यादा नुकसान भी कर सकती थी। जोंक को आगे जांच के लिए लंदन भेजा गया ताकि यह देखा जा सके कि कोई बीमारी तो नहीं फैली। अच्छी बात यह रही कि डेनिएला पूरी तरह सुरक्षित रहीं। विशेषज्ञों के मुताबिक, संभव है कि जोंक वियतनाम में तैरते समय या पानी पीते वक्त उनकी नाक में चली गई हो।

कई बार लोगों को पता ही नहीं चलता कि ऐसा कुछ अंदर चला गया है।डेनिएला के लिए यह अनुभव बहुत डरावना था। लेकिन उनकी कहानी एक सीख भी देती है कि अगर शरीर में कुछ अजीब लगे, जैसे बिना वजह खून आना या कुछ फंसा महसूस होना, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। कभी-कभी छोटी सी समस्या के पीछे बड़ा कारण छिपा हो सकता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article