Mansa Drug Death Case: पंजाब के मानसा जिले के भम्मे कलां गांव में मंगलवार को 35 वर्षीय युवक की मौत के बाद तनाव बढ़ गया। परिवार का दावा है कि युवक की मौत ड्रग ओवरडोज से हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है और हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। दरअसल, मृतक दलजीत सिंह के परिवार ने शव के साथ धरना दिया और उसे मानसा में उस जगह ले जाने की कोशिश की, जहां एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। झोटा की हत्या के दो हफ्ते बाद भी उनके परिवार ने सीएम भगवंत मान के इस्तीफे सहित कई मांगें पूरी न होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया हुआ है।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव
पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को मानसा की ओर जाने से रोका तो टकराव हो गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान पुलिस द्वारा शव को उठाकर डिवाइडर पार कर गाड़ी में डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विपक्ष ने मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया, "सुबह 11 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे एक शव पड़ा है। जांच में पता चला कि किसी ने गाड़ी से आकर शव वहां फेंका था। हमने हत्या का मामला दर्ज किया है और तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।" उन्होंने कहा कि परिवार के साथ कुछ शरारती तत्व भी शहर की ओर कूच कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
अकाली दल ने भी उठाए सवाल
विपक्ष ने इस कार्रवाई को शर्मनाक बताया। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, "ओवरडोज से हुई मौत के बाद मानसा पुलिस का शव लेकर भागना गंभीर सवाल खड़े करता है।" शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "मान सरकार के पास एक दुखी परिवार को रोकने की पूरी ताकत है, लेकिन ड्रग्स के खतरे को रोकने की कोई मंशा नहीं।" उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक अमृतधारी सिख की दस्तार और ककार का अपमान किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल का होगा कायाकल्प
कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि "एक मृत व्यक्ति के शव को छीनना और भागना उसकी गरिमा पर हमला है।" अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इसे 1984 जैसे हालात बताया और राष्ट्रपति शासन की मांग की। एसएसपी ने कहा कि इस झड़प में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शव को मानसा से बाहर ले जाया गया है और परिवार अंतिम संस्कार करेगा।
