Houthis Attack Saudi Arabia: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बड़े हमले का दावा किया है। हूती समूह का कहना है कि उसने सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय को बैलिस्टिक मिसाइल से सीधे निशाना बनाया है। इस दावे के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने बयान जारी कर कहा, "हमारी सशस्त्र सेनाओं ने दुश्मन की सऊदी राजधानी रियाद में रक्षा मंत्रालय को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया और हमला सीधा था।"
यह दावा ऐसे समय में आया है जब रियाद में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। सऊदी अरब के निवासियों को दिन में संभावित खतरे को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया था। सऊदी अरब ने कहा था कि उसने रियाद की ओर दागी गई दो मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर दिया है। हालांकि हूती विद्रोहियों का रक्षा मंत्रालय पर सीधे हमले का दावा अभी तक स्वतंत्र रूप से वेरिफाई नहीं हो पाया है।
आभा एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले का भी दावा
रियाद के साथ-साथ हूती विद्रोहियों ने दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हमले का दावा किया है। याह्या सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अलग बयान में कहा, "अल्लाह की कृपा से, हमारी सशस्त्र सेना आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक ड्रोन से निशाना बनाने में सक्षम रही, और हमला सटीक था, जिससे एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बाधित हो गया।"
इस बयान में ड्रोन हमले को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, जैसे कि कितना नुकसान हुआ या कितनी देर तक हवाई सेवाएं बाधित रहीं। इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इन दो दावों से साफ है कि हूती विद्रोही सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों के साथ-साथ नागरिक बुनियादी ढांचे पर भी दबाव बनाना चाहते हैं। एयरपोर्ट पहले भी उनके निशाने पर रहे हैं।
सऊदी अरब पर बढ़ रहा मिसाइल और ड्रोन खतरा
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी ठिकानों पर अपना अभियान तेज कर दिया है। इसमें एयरपोर्ट, सैन्य ठिकाने और ऊर्जा से जुड़े ढांचे शामिल हैं। मंगलवार को सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा था कि उसने सऊदी अरब के पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों की ओर दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों और चार ड्रोनों को मार गिराया है।
