देश

मणिपुर हिंसा: 3 हत्याओं के विरोध में महिला कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल मशाल रैली, पुलिस के साथ हुई झड़प

मणिपुर में 3 मैतेई (Meitei) पुरुषों की हालिया हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों की बुधवार को पुलिस के साथ तीखी झड़प हो गई। यह घटना इम्फाल के 'खुमान लंपक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' के बाहर हुई...

Image

मणिपुर में महिलाओं का प्रदर्शन

Photo : ANI

Manipur News: मणिपुर में लगातार हिंसा के बीच प्रदर्शनों का दौर जारी है। मैरा पैबी (Meira Paibi) कार्यकर्ताओं ने हाल ही में सुनुलोक हिल पर हुई हिंसा में तीन नागरिकों की हत्या की निंदा करते हुए एनएच-2 सड़क पर केइकॉन गांव से लुवांगसांगबाम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक एक विशाल मशाल रैली निकाली। इस घटना के बाद मणिपुर में लगातार तनाव बना हुआ है।

मणिपुर में 3 मैतेई (Meitei) पुरुषों की हालिया हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों की बुधवार को पुलिस के साथ तीखी झड़प हो गई। यह घटना इम्फाल के 'खुमान लंपक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' के बाहर हुई, जहां राज्य के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह (Y Khemchand Singh) एक खेल कार्यक्रम में मौजूद थे।

वहीं, एमपीसीसी अध्यक्ष ओकराम इबोबी, सीएलपी नेता के. मेघचंद्र और अन्य नेताओं सहित इंडिया ब्लॉक मणिपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने खामेनलोक क्षेत्र के लैम्बोइखुल का दौरा किया और सुनुलोक हिल पर हुई हिंसा में मारे गए तीन नागरिकों के शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में घुसने की कोशिश

19 अक्टूबर को कांगपोकपी जिले की सुनुरोक पहाड़ियों में लकड़ी बीनने गए 14 मैतेई पुरुषों पर उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना से गुस्साए प्रदर्शनकारियों, विशेषकर महिला प्रदर्शनकारियों (मैरा पैबी) ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में घुसने की कोशिश की। वहां मुख्यमंत्री के साथ राज्य के गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजम भी दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधियों की उपस्थिति वाली 'फर्स्ट मणिपुर पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप' के आयोजन में शामिल थे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब निर्दोष लोगों की जान जा रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री और गृह मंत्री राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को नजरअंदाज कर किसी खेल कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकते।

पुलिस की कार्रवाई और पुतले फूंके

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। खबेसोई इलाके में प्रदर्शनकारियों ने राज्यसभा सांसद ए. शारदा देवी और गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजम के पुतले जलाए। मैरा पैबी कार्यकर्ताओं ने शारदा देवी के आवास पर पहुंचकर उनकी चुप रहने पर सवाल उठाए। सांसद द्वारा वीडियो कॉल के जरिए आश्वासन दिए जाने के बाद ही वे वहां से हटीं।

48 घंटे के बंद से जनजीवन प्रभावित

हत्याओं के विरोध में 'नेगेटिव पीपल कमेटी मणिपुर' द्वारा मंगलवार आधी रात से बुलाए गए 48 घंटे के बंद के कारण इम्फाल घाटी के सभी 5 जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों से सार्वजनिक परिवहन नदारद रहा। इस बीच, थौबल जिले के पेची गांव के पास बंद लागू कराने का दावा करने वाले असामाजिक तत्वों ने चार दिहाड़ी मजदूरों से मारपीट की, जिसमें एक मजदूर घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों मजदूरों को बचा लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मणिपुर में मई 2023 से घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष चल रहा है, जिसमें कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग लापता हैं। इसके अलावा, इस साल फरवरी से राज्य में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में लगभग 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article