वायरल न्यूज़

मुर्गों की लड़ाई भूल जाइए, यहां होती है मकड़ियों की लड़ाई, जमकर लगता है सट्टा, देखें VIDEO

Viral Video: फिलीपींस से मकड़ियों की लड़ाई का एक रोमांचक और हैरतअंगेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पतली सी लकड़ी की सींक या सपाट बोर्ड पर दो खूंखार मकड़ियों को आमने-सामने उतारा जाता है, जहां वे एक-दूसरे पर हमला करती हैं। बड़ी बात ये है कि इस लड़ाई पर जमकर सट्टा लगता है, जो गैर-कानूनी है।

Image

मकड़ियों की खतरनाक लड़ाई (तस्वीर साभार- @DaMidgetZimbo)

Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में हर रोज कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिल जाता है, जिसे देखकर इंसान दंग रह जाता है। आपने मुर्गों की लड़ाई, सांडों की कुश्ती या कुत्तों के दंगल के बारे में तो खूब सुना होगा, लेकिन क्या कभी 'मकड़ियों की कुश्ती'देखी है? हाल ही में सोशल मीडिया पर फिलीपींस का एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कोई आम फाइट नहीं, बल्कि दो मकड़ियां (Spider fight Video) एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए रिंग में उतरी हैं। आसपास खड़े लोग ऐसे सांसें रोके मुकाबला देख रहे हैं, जैसे ओलंपिक का कोई फाइनल मैच चल रहा हो।

    वायरल हो रहे इस वीडियो की शुरुआत बेहद रोमांचक है। एक पतली सी बांस की सींक पर दो मकड़ियों को आमने-सामने रखा गया है। जैसे ही दोनों मकड़ियां करीब आती हैं, वे तुरंत अपने पिछले पैरों पर खड़ी हो जाती हैं और सामने वाले पर घातक हमला बोल देती हैं। सींक से फिसलकर जब वे टेबल पर गिरती हैं, तब भी उनका फाइटिंग स्पिरिट कम नहीं होता। दोनों एक-दूसरे को जाले और पैरों से जकड़ने की कोशिश करती हैं। आसपास खड़े लोग निगाहें गड़ाए मुकाबले का मजा ले रहे हैं। कुछ लोग हाथ से इशारा कर रहे हैं, तो कुछ उत्साह से चिल्ला रहे हैं। यहां आपको बता दें कि फिलीपींस के कई ग्रामीण इलाकों और खासकर सेबू क्षेत्र में इस खेल की जड़ें काफी गहरी हैं। स्थानीय भाषा में इसे 'पसाबोंग ओग दामांग' या 'साबोंग सा काका' कहा जाता है। देखें वीडियो...

    मकड़ियों की लड़ाई

    दशकों से यह खेल बच्चों और गांव वालों के लिए टाइमपास का जरिया रहा है। लेकिन जैसे-जैसे समय बदला, इस साधारण खेल ने 'सट्टेबाजी' का रूप ले लिया। फिलीपींस के कानून में इस खेल को लेकर बड़ा ही दिलचस्प और सख्त नियम है। अगर लोग सिर्फ मनोरंजन या शौकिया तौर पर दो मकड़ियों की लड़ाई करवा रहे हैं, तो कानून उन्हें नहीं रोकता। लेकिन, जैसे ही इस लड़ाई में पैसों या कीमती सामान का दांव शामिल होता है, यह मामला सीधे अवैध जुए की श्रेणी में आ जाता है। अब यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को DaMidgetZimbo नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं। वहीं, यूजर्स इस पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि मुझे लगा मैंने दुनिया में सब देख लिया है, लेकिन यह 'Spider Fight Club' तो अलग ही लेवल का है। एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि भाई! IPL की फैंटेसी टीम छोड़ो, मेरी किस्मत तो अब इस काली वाली मकड़ी पर टिकी है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article