सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बहुत ही दिलचस्प वीडियो (Video) तेजी से वायरल हो रहा है। जहां एक महिला चलती हुई ट्रेन में ही वट सावित्री व्रत की पूजा करती दिख रही है। वीडियो देख लोग हैरान हैं और वीडियो पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई महिला की इस भक्ति की तारीफ कर रहा है तो कोई इसे दिखावा बता रहा है।
ट्रेन के अंदर वट सावित्री की पूजा करती दिखी महिला
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक ट्रेन कोच के अंदर महिला अपनी धार्मिक आस्था और पति की लंबी उम्र के लिए वट सावित्री की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा कर रही है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला ट्रेन के फर्श पर एक पानी के बोतल में बरगद का पौधा रखकर जल, दूध, रोली, अक्षत, फूल, धूप, दीप, नैवेद्य और फल चढ़ाकर गोल-गोल चक्कर काट रही है। बगल में बैठे परिवार के सदस्य भी पूजा में उस महिला की मदद करते नजर आए।
ये भी पढ़ें:
वीडियो पर ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @ChapraZila नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने लाइक किया है। साथ ही तमाम लोगों ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां कुछ यूजर्स ने महिला की भक्ति की तारीफ की तो कुछ ने कहा कि ट्रेन में हो तो क्या हुआ, पूजा तो होकर रहेगी। वहीं कई लोग इसे सच्ची आस्था और समर्पण भाव बताया और कहा कि आस्था और परंपरा को बनाए रखने के लिए कोई बहाना नहीं होता। जबकि कुछ अन्य यूजर्स ने कहा कि चाहे घर हो, मंदिर हो या चलती ट्रेन, श्रद्धा जहां होती है, पूजा वहीं पूरी होती है।
क्यों होती है वट सावित्री की पूजा
मालूम हो कि वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए रखती हैं। पौराणिक कथा के अनुसार सावित्री ने अपने पति सत्यवान को यमराज से वापस लाने के लिए अटूट संकल्प और बुद्धिमत्ता दिखाई थी। इसी दिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा करती हैं, उसके चारों ओर धागा बांधती हैं और व्रत रखकर पति की मंगलकामना करती हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
