शहर

संगीतकार इस्माइल दरबार की मां की मौत के मामले में डॉक्टर को 2 साल की सजा, 18 साल पुराने मामले में बड़ा फैसला

Ismail Darbar Mother Death Case Verdict: इस्माइल दरबार के परिवार की शिकायत के मुताबिक, हीट बैग निर्धारित समय के बाद हटाई जानी थी, लेकिन कथित लापरवाही के चलते वह पूरी रात जैतूनबीबी की पीठ पर लगी रही। इससे उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। फरवरी 2009 में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

Image

संगीतकार इस्माइल दरबार मां जैतूनबीबी दरबार के साथ (फाइल फोटो)

Ismail Darbar Mother Death Case: सूरत की अदालत ने मशहूर संगीतकार इस्माइल दरबार की मां जैतूनबीबी दरबार की मौत से जुड़े करीब 18 साल पुराने मेडिकल लापरवाही के मामले में डॉक्टर परेश भजियावाला को दोषी ठहराया है। अदालत ने उन्हें दो साल की सजा और 1,000 रुपये जुर्माने का आदेश दिया है। हालांकि, फैसले के आदेश पर 30 दिनों के लिए रोक भी लगाई गई है।

मामला जनवरी 2009 का है। उस समय 70 वर्षीय जैतूनबीबी दरबार को बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सूरत के नानपुरा स्थित गिरीश ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी पीठ में दर्द की शिकायत पर डॉक्टरों ने हीट बैग से उपचार करने का फैसला किया था।

परिवार की शिकायत के मुताबिक, हीट बैग निर्धारित समय के बाद हटाई जानी थी, लेकिन कथित लापरवाही के चलते वह पूरी रात जैतूनबीबी की पीठ पर लगी रही। इससे उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों का आरोप था कि इस चोट के बाद उन्हें उचित इलाज नहीं मिला और फरवरी 2009 में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

डॉक्टर परेश भजियावाला और नर्स के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल

इस मामले में अठवा लाइंस पुलिस स्टेशन में डॉक्टर परेश भजियावाला, नर्स चंचूबेन और अस्पताल से जुड़े अन्य जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने डॉक्टर परेश भजियावाला और नर्स चंचूबेन के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान नर्स चंचूबेन के फरार होने के कारण उनके खिलाफ ट्रायल आगे नहीं बढ़ सकी, जबकि डॉक्टर परेश भजियावाला के खिलाफ मुकदमा चला।

'पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कॉलम 17 और 18 में हीट बैग से हुई चोटों का उल्लेख'

शिकायतकर्ता की ओर से अदालत में पैरवी कर रहे अधिवक्ता केतन रेशमवाला ने फैसले को मेडिकल लापरवाही के मामले में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कॉलम 17 और 18 में हीट बैग से हुई चोटों का उल्लेख था। इसके अलावा, शव के पंचनामे में भी इन चोटों का जिक्र किया गया था। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राठौड़िया की ओर से चोटों का उपचार किए जाने का रिकॉर्ड भी अदालत के सामने रखा गया था।

2025 में इस्माइल दरबार ने उन दो डॉक्टरों के खिलाफ भी गवाही दी थी

अधिवक्ता के मुताबिक, अदालत ने मेडिकल लापरवाही से जुड़े साक्ष्यों को स्वीकार करते हुए डॉक्टर परेश भजियावाला को दो साल की सजा और 1,000 रुपये जुर्माने का आदेश दिया। मामले की सुनवाई के दौरान फरवरी 2025 में इस्माइल दरबार ने उन दो डॉक्टरों के खिलाफ भी गवाही दी थी, जिनके नाम चार्जशीट से हटाए गए थे। करीब 18 साल तक चले इस मामले में फैसले के बाद अदालत ने अपने आदेश पर 30 दिनों के लिए रोक लगाई है। इस दौरान आरोपी डॉक्टर को फैसले के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई का अवसर मिलेगा।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article