महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार, 25 नवंबर 2026 को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, राजस्व, श्रमिकों और आम नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कैबिनेट ने कुल 14 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को अगले तीन महीने तक पांच किलो मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने का है। इसके अलावा नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी वळण योजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, आर्थिक धोखाधड़ी करने वाली वित्तीय संस्थाओं की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
महाराष्ट्र कैबिनेट के 14 बड़े फैसले
किसानों के लिए बड़ी राहत
- 1. 42.30 लाख किसानों को तीन महीने तक मुफ्त अनाज
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य के 33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को राहत मिलेगी।
- ऐसे किसान जो गरीबी रेखा (BPL) श्रेणी में हैं और डीबीटी योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
- अगले तीन महीने तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज दिया जाएगा।
- इसमें तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं शामिल होगा।
- इस फैसले से लाखों किसान परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिलेगी।
- नंदुरबार को बड़ी सौगात
2. नर्मदा-तापी परियोजना के लिए ₹5,548 करोड़ मंजूर
- नंदुरबार जिले में नर्मदा-तापी वळण योजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई।
- परियोजना के तहत छह वळण बंधारों का निर्माण प्रस्तावित है।
- इससे लगभग 26,526 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
- परियोजना से 11.50 मेगावाट बिजली उत्पादन भी प्रस्तावित है।
- इससे नंदुरबार क्षेत्र में सिंचाई, कृषि और बिजली उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
3. आर्थिक धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं पर कसेगा शिकंजा
- निवेशकों और जमाकर्ताओं के साथ वित्तीय धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया तेज होगी।
- इसके लिए स्वतंत्र एमपीआईडी (MPID) न्यायाधिकरण स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
- मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर करने की समय-सीमा तय करने का प्रावधान होगा।
- महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण अधिनियम में संशोधन किया जाएगा।
- इससे ठगी के शिकार निवेशकों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेज करने में मदद मिलेगी।
- राजस्व विभाग में डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा
- राजस्व विभाग के अर्ध-न्यायिक मामलों के लिए Revenue Court Case Management System लागू किया जाएगा।
- राजस्व न्यायालयों में मामलों की निगरानी और प्रबंधन डिजिटल तरीके से होगा।
- मामलों के निपटारे के लिए 'एक जिला, एक अपील' का प्रावधान लागू किया जाएगा।
- इसके लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन को मंजूरी दी गई।
- इसका उद्देश्य राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी और पारदर्शिता लाना है।
5. मेडिकल और हेल्थ साइंस के विद्यार्थियों को बढ़ा हुआ हॉस्टल भत्ता
- स्वास्थ्य विज्ञान के व्यावसायिक डिग्री पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
- EBC, SEBC और EWS श्रेणी के विद्यार्थियों को डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ता योजना के तहत संशोधित दरों पर भत्ता मिलेगा।
- भोजन, आवास और निर्वाह भत्ते में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी।
- इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
6. शालार्थ प्रणाली के शिक्षकों और कर्मचारियों को वित्तीय सुविधा
- शालार्थ प्रणाली में शामिल शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
- आरबीआई में पंजीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं (NBFC) के माध्यम से वित्तीय सुविधाएं मिलेंगी।
- इसका उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को वित्तीय सहायता के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है।
7. महाराष्ट्र स्टाम्प अधिनियम में संशोधन
- महाराष्ट्र स्टाम्प अधिनियम की धारा 32(B) और 53(1A) में संशोधन को मंजूरी दी गई।
- इसके लिए आगामी विधानसभा और विधान परिषद सत्र में विधेयक पेश किया जाएगा।
- संशोधन के बाद स्टाम्प शुल्क के अभिनिर्णय (Adjudication) और अपील शुल्क की दरों में एकरूपता लाई जाएगी।
8. दो विश्वविद्यालयों के कानूनों में संशोधन को मंजूरी
- कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक अधिनियम 1997 में संशोधन होगा।
- यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय, नासिक अधिनियम 1989 में भी संशोधन किया जाएगा।
- कुलसचिव की नियुक्ति, परिनियम, वित्त एवं लेखा समिति, भवन निर्माण समिति, वार्षिक रिपोर्ट और लेखों से संबंधित प्रावधानों में एकरूपता लाई जाएगी।
- विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास होगा।
9. निजी अनुदानित स्कूलों के लिए बनेगा व्यापक कानून
- महाराष्ट्र सरकार निजी अनुदानित स्कूलों के नियमन के लिए नया व्यापक कानून लाने जा रही है।
- महाराष्ट्र निजी अनुदानित स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई।
- विधेयक को आगामी विधिमंडल सत्र में पेश किया जाएगा।
- इससे निजी अनुदानित स्कूलों के नियमन के लिए एक व्यवस्थित कानूनी ढांचा तैयार करने का रास्ता खुलेगा।
10. माथाडी और निजी सुरक्षा रक्षकों के कानूनों में बदलाव
- महाराष्ट्र माथाडी, हमाल एवं अन्य श्रमजीवी कामगार अधिनियम, 1969 में संशोधन को मंजूरी दी गई।
- महाराष्ट्र निजी सुरक्षा रक्षक (नौकरी का नियमन एवं कल्याण) अधिनियम, 1981 में भी बदलाव किया जाएगा।
- इन संशोधनों का उद्देश्य संबंधित श्रमिकों के रोजगार नियमन और कल्याण से जुड़े कानूनी प्रावधानों में सुधार करना है।
11. एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति को एनसीएएचपी कानून से बाहर करने का प्रस्ताव
- राष्ट्रीय सहयोगी एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम, 2021 (NCAHP Act) में संशोधन किया जाएगा।
- एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति को इस कानून के दायरे से बाहर करने के लिए विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी गई।
- इसके लिए आवश्यक कानूनी संशोधन किए जाएंगे।
12. निजी अनुदानित आयुर्वेद और यूनानी कॉलेजों के लाइब्रेरियन को सातवां वेतन आयोग
- निजी अनुदानित आयुर्वेद और यूनानी महाविद्यालयों के पूर्णकालिक ग्रंथपालों को बड़ी राहत मिलेगी।
- अब उन्हें सरकारी मेडिकल, डेंटल और आयुर्वेद कॉलेजों के ग्रंथपालों की तर्ज पर सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाएगा।
- वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार संशोधित वेतन संरचना लागू करने को मंजूरी दी गई।
13. महाराष्ट्र लोकसेवा हक्क अधिनियम में संशोधन
- महाराष्ट्र लोकसेवा हक्क अधिनियम, 2015 में संशोधन को मंजूरी दी गई।
- इस संबंध में संशोधन विधेयक को विधिमंडल के समक्ष पेश किया जाएगा।
- इसका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित कानूनी प्रावधानों में सुधार करना है।
14. मौदा नगर पंचायत को सरकारी जमीन देने की मंजूरी
- नागपुर जिले की मौदा नगर पंचायत को सरकारी जमीन उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई।
- इस फैसले से नगर पंचायत के लिए प्रशासनिक भवन का निर्माण करने का रास्ता साफ होगा
- स्थानीय प्रशासन को अपना स्वतंत्र कार्यालय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी
कैबिनेट के फैसलों में किसे मिला सबसे बड़ा फायदा?
क्षेत्र .... महत्वपूर्ण फैसला
किसान | 42.30 लाख किसानों को मुफ्त अनाज
सिंचाई | नर्मदा-तापी योजना के लिए 5,548 करोड़
निवेशक | वित्तीय धोखाधड़ी पर 90 दिन में मामलों के निपटारे का प्रावधान |
विद्यार्थी | हॉस्टल और निर्वाह भत्ते में वृद्धि
शिक्षक | वित्तीय सशक्तिकरण की सुविधा
स्कूल | निजी अनुदानित स्कूलों के लिए नया कानून
कर्मचारी | लाइब्रेरियन को सातवां वेतन आयोग
आम नागरिक | राजस्व और लोकसेवा व्यवस्था में सुधार
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम बैठक
बुधवार की कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों में किसानों को खाद्य सुरक्षा, आदिवासी बहुल नंदुरबार जिले में सिंचाई परियोजना, वित्तीय धोखाधड़ी पर कार्रवाई और शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
खास तौर पर 42 लाख से अधिक किसानों को मुफ्त अनाज देने का फैसला ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत है। वहीं, नर्मदा-तापी परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये की मंजूरी उत्तर महाराष्ट्र के सिंचाई विकास की दृष्टि से बड़ा कदम माना जा रहा है।
