क्रिकेट

IPL 2027 पंजाब किंग्स ने किया टीम के नए फास्ट बॉलिंग कोच के नाम का ऐलान

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2027 के लिए अपनी टीम के नए फास्ट बॉलिंग कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया के पूर्व बॉलिंग कोच के हाथों में पंजाब ने ये जिम्मेदारी सौंपी है।

Image

पारस म्हाम्ब्रे (फोटो क्रेडिट ANI X)

चंडीगढ़: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2027 सीजन के लिए होने वाली नीलामी से पहले अपनी टीम के नए गेंदबाजी कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। टीम मैनेजमेंट ने टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज और गेंदबाजी कोच रहे पारस म्हाम्ब्रे को टीम का फास्ट बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। पंजाब किंग्स की टीम ने इस बात की घोषणा अपना आधिकारिक एक्स हेंडल पर एक पोस्ट में 'टीम में आपका स्वागत है, पारस पाजी!' संदेश के साथ की। पारस म्हाम्ब्रे पंजाब किंग्स की टीम में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स होप्स की जगह लेंगे। म्हाम्ब्रे हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर काम करेंगे। इससे पहले ये दोनों मुंबई इंडियंस (MI) में भी एक साथ सपोर्ट स्टाफ में काम कर चुके हैं।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता टीम का रहे हैं हिस्सा

म्हाम्ब्रे 2021 से 2024 तक टीम इंडिया के बॉलिंग कोच रहे। इस दौरान उन्होंने हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ काम किया। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम साल 2023 में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में लगातार 10 मैच जीते लेकिन अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद साल 2024 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया और 11 साल लंबा आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार खत्म हुआ।

मुंबई इंडियन्स का दामन छोड़ थामा पंजाब का हाथ

आईपीएल में म्हाम्ब्रे दो बार मुंबई इंडियंस (MI) के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहें हैं। उनका दूसरा कार्यकाल भारतीय टीम के साथ काम करने के बाद आया था। पिछले सीजन में 14 मैचों में से केवल 4 जीत के साथ नौवें स्थान पर रहने के बाद, मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया, जिसके चलते म्हाम्ब्रे ने पिछले महीने टीम छोड़ दी। ऐसे में उन्होंने पंजाब किंग्स का दामन थाम लिया है।

पंजाब अबतक नहीं जीत सका है आईपीएल खिताब

पंजाब किंग्स की टीम शुरुआत से ही लीग का हिस्सा रही है। दो बार वो लीग के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। लेकिन अभी तक खिताब नहीं जीत पाई है। साल 2014 में फाइनल में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ और 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। पिछले सीजन पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की थी और अपने पहले सात मैचों में अजेय रही (जिसमें 6 जीत शामिल थीं)। हालांकि, इसके बाद उन्हें लगातार 6 मैचों में मिली हार के बाद वो प्लेऑफ में पहुंचने से चूक गई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article