टेक एंड गैजेट्स

Telegram के एक Username की कीमत 8.9 करोड़ रुपये, खरीदने वाले का नाम देखकर Pavel Durov भी हुए हैरान

elegram के फाउंडर Pavel Durov को @liar यूजरनेम के लिए 1 मिलियन डॉलर का ऑफर मिला है। जानें क्यों महंगे बिकते हैं Telegram Username और क्या है Fragment मार्केटप्लेस।

Image

@liar यूजरनेम के लिए मिला 1 मिलियन डॉलर का ऑफर

सोशल मीडिया पर एक यूजरनेम की कीमत कितनी हो सकती है? कुछ सौ रुपये या कुछ हजार रुपये? लेकिन Telegram के एक यूजरनेम के लिए 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8.9 करोड़ रुपये तक का ऑफर मिलने की बात सामने आई है। यह यूजरनेम कोई आम नाम नहीं, बल्कि @liar है। Telegram के फाउंडर पावेल ड्यूरोव ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी है। हालांकि, इस ऑफर के साथ एक ऐसी बात जुड़ी है, जिसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। ड्यूरोव को पैसे से ज्यादा ऑफर देने वाले व्यक्ति के यूजरनेम पर शक है।

@liar यूजरनेम के लिए मिला 1 मिलियन डॉलर का ऑफर

पावेल ड्यूरोव ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि किसी व्यक्ति ने Telegram पर @liar यूजरनेम खरीदने के लिए उन्हें 1 मिलियन डॉलर देने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह उम्मीद करना चाहते हैं कि यह पैसा असली है, लेकिन ऐसे व्यक्ति पर भरोसा करना मुश्किल है, जो अपनी पहचान @liar के नाम से बनाना चाहता है। यानी यूजरनेम का मतलब ही 'झूठा' या 'धोखेबाज' होता है।

ऑफर देने वाले की पहचान का खुलासा नहीं

ड्यूरोव ने यह नहीं बताया कि आखिर यह ऑफर किसने दिया है और क्या इस रकम को लेकर कोई गंभीर बातचीत भी हुई है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि 1 मिलियन डॉलर का प्रस्ताव वास्तव में दिया गया है या फिर यह इंटरनेट पर किया गया कोई मजाक है। ड्यूरोव की पोस्ट को भी उनके खास ह्यूमर के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल इस यूजरनेम की बिक्री की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

Telegram पर क्यों महंगे बिकते हैं Username?

आप सोच रहे होंगे कि आखिर किसी मैसेजिंग ऐप के यूजरनेम के लिए करोड़ों रुपये कौन खर्च करेगा? दरअसल, Telegram पर छोटे, यूनिक और आसानी से याद रहने वाले यूजरनेम की एक अलग मार्केट है। कई लोग अपनी ऑनलाइन पहचान को खास बनाने के लिए ऐसे यूजरनेम खरीदना चाहते हैं। एक शब्द वाले या छोटे यूजरनेम की मांग ज्यादा हो सकती है, क्योंकि उन्हें याद रखना और दूसरे लोगों के साथ शेयर करना आसान होता है।

Fragment मार्केटप्लेस पर होती है खरीद-बिक्री

Telegram पर यूजरनेम खरीदने और बेचने के लिए Fragment नाम का मार्केटप्लेस मौजूद है। यहां यूजर अपने खास यूजरनेम की नीलामी कर सकते हैं और दूसरे लोग उन्हें खरीद सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म TON ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करता है। इस व्यवस्था में यूजरनेम को डिजिटल कलेक्टिबल की तरह खरीदा और बेचा जा सकता है। यानी Telegram का कोई खास हैंडल सिर्फ आपकी ऑनलाइन पहचान नहीं रह जाता, बल्कि एक डिजिटल संपत्ति की तरह भी इस्तेमाल हो सकता है।

छोटा और यूनिक Username बनाता है खास पहचान

Telegram पर @liar जैसे यूजरनेम की खासियत यह है कि यह छोटा है, आसानी से याद रहता है और एक अलग पहचान बनाता है। ऐसे यूजरनेम की उपलब्धता भी सीमित होती है। यही वजह है कि कुछ लोग अपनी पसंद का यूनिक हैंडल हासिल करने के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार रहते हैं। खासकर एक शब्द वाले यूजरनेम डिजिटल दुनिया में अलग पहचान बनाने का जरिया बन सकते हैं।

पहले भी महंगे Username का ऑफर मिलने की बात कह चुके हैं दुरोव

यह पहली बार नहीं है जब पावेल ड्यूरोव ने Telegram यूजरनेम के लिए बड़ी रकम मिलने की बात कही है। इससे पहले उन्होंने @pride यूजरनेम के लिए 2.56 लाख डॉलर यानी करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑफर मिलने का जिक्र किया था। हालांकि, मौजूदा @liar यूजरनेम के लिए 1 मिलियन डॉलर का ऑफर वास्तव में सौदे में बदलेगा या नहीं, इसकी अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article