बिजनेस

सोने को पछाड़ प्रॉपर्टी ने दिया ज्यादा रिटर्न, क्या बदल रहा है निवेश का ट्रेंड?

निवेशकों के दो सबसे पसंदीदा विकल्प सोना और प्रॉपर्टी के बीच रिटर्न की जंग एक बार फिर चर्चा में है। पिछले एक साल में रियल एस्टेट ने 8.5% का रिटर्न दिया है, जबकि सोने में गिरावट दर्ज की गई है।

Image

रियल एस्टेट निवेश

निवेश की दुनिया में सोना सेफ हेवन माना जाता है, लेकिन अब यह अवधारणा टूट गई है। इस साल सोने ने निवेशकों को निराश किया है। सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई है। जनवरी में सोने का भाव अपने उच्चतम स्तर, लगभग ₹1.80 लाख प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब गिरकर लगभग ₹1.21 लाख पर आ गया है। इससे निवेशकों को नुकसान हुआ है। फंड्सइंडिया वेल्थ कन्वर्सेशन्स रिपोर्ट के अनुसार, 1 साल की अवधि में रियल एस्टेट ने रिटर्न के मामले में सोने को पीछे छोड़ दिया है। एक साल की अवधि में रियल एस्टेट ने बेहतर प्रदर्शन किया है और निवेशकों को 8.5% का रिटर्न दिया है, वहीं, सोने में 3.3% की गिरावट आई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या सोना अब सेफ हेवन नहीं रहा या निवेश का ट्रेंड बदल रहा है?

क्या निवेश का ट्रेंड बदल रहा है या रणनीति?

जानकारों का कहना है कि एक साल के रिटर्न में किसी एक एसेट क्लास का बेहतर प्रदर्शन निवेशकों के लिए संकेत हो सकता है, लेकिन इसे स्थायी ट्रेंड नहीं मानना चाहिए। सोना, प्रॉपर्टी और शेयर बाजार अलग-अलग आर्थिक परिस्थितियों में अलग प्रदर्शन करते हैं।

इसलिए निवेशकों के लिए सबसे जरूरी है कि वे सिर्फ पिछले साल के रिटर्न को देखकर फैसला न लें। प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसकी लोकेशन, किराया यील्ड, कुल लागत और बेचने की संभावनाओं का आकलन करें। वहीं, सोने में निवेश करते समय भी अपनी कुल निवेश योजना में उसकी उचित हिस्सेदारी तय करें। आखिरकार, बेहतर निवेश वही है जो आपके वित्तीय लक्ष्य, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुकूल हो।

रियल एस्टेट निवेश में नुकसान का खतरा नहीं

अंतरिक्ष इंडिया के सीएमडी और दिग्गज रियल एस्टेट एक्सपर्ट राकेश यादव ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं और लंबी अवधि में शानदार रिटर्न चाहते हैं, तो रियल एस्टेट एक अच्छा विकल्प है। इसमें आपको बेहतर रिटर्न मिलना तय है। तमाम एसेट क्लास में रियल एस्टेट ही एकमात्र ऐसा निवेश माध्यम है, जिसमें नुकसान का खतरा नहीं है। आपको लंबी अवधि में एक शानदार रिटर्न मिलना तय है। हालांकि, निवेश से पहले शहर, लोकेशन, प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और वहां भविष्य में प्रॉपर्टी की मांग का आकलन जरूर करें। साथ ही, रेंटल यील्ड की भी जांच करें। अगर आप इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर लंबी अवधि के नजरिये से निवेश करते हैं, तो बेहतर रिटर्न हासिल करने की संभावना बढ़ जाती है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article