वायरल न्यूज़

महिला ने कार के बोनट पर बनाई रील, तुरंत कट गया 22500 रुपये का चालान

  • Edited by: Ikramuddin
  • Updated Apr 20, 2025, 02:26 PM IST

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार का 22,500 रुपये का चालान काट दिया। एआरटीओ सुदेश तिवारी ने बताया कि महिला का यह कृत्य न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा था।

Image

कार के बोनट पर बनाई रील तो कट गया 22 हजार से ज्यादा का चालान। (Photo/Twitter)

सोशल मीडिया में उत्तर प्रदेश के औरेया जिले का एक वीडियो खूब देखा जा रहा है। वीडियो में एक महिला यमुना पैंटून पुल पर कार के बोनट पर खड़े होकर फिल्मी गाने पर रील बनाती नजर आई। इस दौरान उसने एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रोककर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं, जो गंभीर अपराध माना जाता है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित विभागन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार का 22,500 रुपये का चालान काट दिया।

ट्रैफिक पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

एआरटीओ सुदेश तिवारी ने बताया कि महिला का यह कृत्य न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा था। एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रोकना और खतरनाक स्टंट करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। दरअसल वीडियो की जांच के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की और जुर्माना लगाया। तिवारी ने चेतावनी दी कि यातायात नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

परिवहन विभाग भी हुआ सख्त

मालूम हो कि सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ में लोग अक्सर नियमों की अनदेखी कर देते हैं, लेकिन इस घटना ने प्रशासन की सख्ती को उजागर किया। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसी हरकतों पर अंकुश लगाना जरूरी है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे मामलों पर नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। यह घटना अन्य लोगों के लिए भी एक सबक है कि रील की चाहत में नियम तोड़ने की कीमत भारी पड़ सकती है।

Ikramuddin
Ikramuddin author

<p>पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए करीब 9 साल पूरे हो चले हैं। साल 2011-14 में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज (BRAC) से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। फिर भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से साल 2015 में पीजी डिप्लोमा किया। इसके बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में दाखिल हुए और सीखने का सिलसिला आज तक जारी है। पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद सबसे पहले लाइव इंडिया टीवी चैनल के डिजिटल प्लेटफॉर्म में काम करने का मौका मिला। लाइव इंडिया डॉट कॉम में करीब दो साल तक काम किया और बहुत कुछ सीखा। राजनीति, खेल और अपराध के साथ तमाम क्षेत्रों में जमकर खबरें बनाईं और हर दिन कुछ नया सीखने का मौका मिला।चुनाव से जुड़ी बारीकियों और जनता से जुड़े मुद्दों को खबरों की शक्ल में कवर करने का काम इसी संस्थान में रहते हुए सीखा। चुनाव में आम लोगों के बुनियादी मुद्दों को समझने और उन्हें खबरिया प्लेटफॉर्म तक लाने का काम भी बखूबी सीखा। खबरों की बारीकियां सीखने और समझने के दौरान इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के डिजिटल प्लेटफॉर्म जनसत्ता में काम किया। यहां करीब चार साल के करियर के दौरान खबरों से जुड़ी दूसरी बारीकियों को समझना जारी रखा। यहां ट्रेंडिंग खबरों पर खासा ध्यान रहा। सोशल मीडिया से जुड़ी तमाम बारीकियों को समझने का मौका इसी संस्थान में मिला। जनसत्ता डॉट कॉम में करीब चार साल बिताने के बाद जी मीडिया ग्रुप के इंडिया डॉट कॉम डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने का मौका मिला। यहां वायरल, ऑफबीट, टीवी डिबेट और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म से रोचक खबरें बनाई। इंडिया डॉट कॉम में करीब दो साल बिताने के बाद सितंबर 2023 में टाइम्स नेटवर्क की प्लेटफॉर्म Timesnowhindi.com में वायरल टीम का हिस्सा हूं।</p>

और पढ़ें
End of Article