सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील्स (Reels) में लोग अक्सर कुछ अलग और हटकर दिखाने की कोशिश करते हैं। कोई फिल्मी सीन को अपने अंदाज में दोहराता है, तो कोई ऐसी जगह वीडियो बनाने पहुंच जाता है, जहां आमतौर पर लोग सिर्फ घूमने या आने-जाने के लिए जाते हैं। अब एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला ट्रेन के सामने खड़े होकर डांस करती नजर आ रही है।
ट्रेन के आगे खड़ी होकर महिला ने किया डांस
वीडियो (Video) में महिला ने साड़ी पहनी हुई है और आंखों पर सनग्लासेस लगाए हुए हैं। उसके पीछे एक ट्रेन खड़ी दिखाई देती है। महिला अपनी साड़ी के पल्लू का एक सिरा ट्रेन के इंजन से बांध देती है। इसके बाद वह ट्रेन के सामने आकर गाने की धुन पर डांस करने लगती है। महिला डांस के दौरान कभी ट्रेन की तरफ इशारा करती है, तो कभी अलग-अलग फिल्मी अंदाज में एक्सप्रेशन देती दिखाई देती है। पूरा वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि वह किसी बॉलीवुड फिल्म के ट्रेन वाले सीन को रील (Reel) के लिए दोहराने की कोशिश कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो X पर @The Nalanda Index नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट में रील (Reel) और सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज (Views) और लाइक्स (Likes) पाने की कोशिश को लेकर सवाल उठाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो में महिला जिस तरह ट्रेन के बिल्कुल सामने डांस करती दिखाई दे रही है, उसे लेकर यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे मजेदार अंदाज में देख रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स वीडियो बनाने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं।
किसी ने कहा- 'रील के लिए कुछ भी'
वीडियो (Video) के कमेंट सेक्शन में लोगों ने कई मजेदार बातें लिखी हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि 'रील के लिए कुछ भी'। वहीं एक अन्य यूजर ने इसे बॉलीवुड शूटिंग जैसा सीन बताया। कुछ लोगों का ध्यान महिला की साड़ी के पल्लू पर भी गया, जो ट्रेन के इंजन से बंधा हुआ नजर आ रहा है। इसी को लेकर एक यूजर ने मजाक में लिखा कि पल्लू का कनेक्शन तो ट्रेन से ही जोड़ दिया गया।
रेलवे से कार्रवाई की मांग
वहीं, कुछ सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स ने इस वीडियो को लेकर रेलवे के आधिकारिक अकाउंट्स को टैग किया है। लोगों ने मामले की जांच करने और उचित कार्रवाई की मांग भी की है। कुछ यूजर्स यह भी जानना चाहते हैं कि यह वीडियो आखिर किस रेलवे स्टेशन या किस राज्य का है। हालांकि, सामने आई जानकारी में वीडियो की सटीक जगह की पुष्टि नहीं हुई है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
